logo

आज से दिखेगा तूफान जवाद का असर, कई ट्रेनें रद्द.... इन जगहों पर होगी बारिश

आज से दिखेगा तूफान जवाद का असर, कई ट्रेनें रद्द.... इन जगहों पर होगी बारिश

द फॉलोअप टीम, रांचीः

झारखंड में चक्रवाती तूफान जवाद का असर आज से अगले 4 दिन तक दिखेगा। तूफान देखते हुए रेलवे और बिजली विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। रांची रेलमंडल ने पांच ट्रेनों को रद्द किया है। इसमें वैसी ट्रेनें शामिल हैं, जो समुद्री तटीय इलाकों को जोड़ती है। जेबीवीएनएल ने फील्ड के सभी  कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। 
बारिश की संभावना 
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आज से बादल छाए रहने की संभावना है। जवाद के कारण शुक्रवार दोपहर बाद से कोल्हान, सिमडेगा, समेत आसपास के इलाके में हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं चार और पांच दिसंबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में कई स्थान बारिश होगी। 


ये ट्रेनें हुईं रद्द
ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस तीन दिसंबर को धनबाद से रद्द कर दी गई है। ट्रेन संख्या 12876 आनंद विहार टर्मिनल-पुरी एक्सप्रेस को भी तीन तारीख को आनंद विहार दिल्ली से रद्द कर दी गई। ट्रेन संख्या 18451 हटिया-पुरी एक्सप्रेस को हटिया से और ट्रेन संख्या 18452 पुरी-हटिया एक्सप्रेस को पुरी स्टेशन से तीन दिसंबर को रद्द रहेगी।  ट्रेन संख्या 18637 हटिया-बेंगलुरु कैंट एक्सप्रेस भी हटिया से चार तारीख को रद्द रहेगी। जिन यात्रियों ने पहले ही इन ट्रेनों में आरक्षित टिकट लिया है, उनका पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा। 
प्रधानमंत्री ने की बैठक 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात ‘जवाद’ से निपटने की राज्यों, केंद्र सरकार के मंत्रालयों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक में समीक्षा की और अधिकारियों को जान व माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने के लिए हरसंभव कदम उठाने, बिजली, दूरसंचार, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं का रखरखाव सुनिश्चित करने व इनमें किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर उन्हें तत्काल बहाल करने का निर्देश दिया। 
नाम 'जवाद' रखा गया
सऊदी अरब के सुझाव पर इस तूफान का नाम 'जवाद' रखा गया है। जवाद एक अरबी शब्द है, जिसका अर्थ 'उदार' होता है।  पहले आए चक्रवाती तूफानों की तुलना में ये चक्रवात ज्यादा तबाही नहीं मचाएगा और इसका आम जनजीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।