logo

डायन कुप्रथा उन्मूलन को गरिमा परियोजना से दी जायेगी गति, ओझा-गुणी प्रथा का होगा खात्मा

डायन कुप्रथा उन्मूलन को गरिमा परियोजना से दी जायेगी गति, ओझा-गुणी प्रथा का होगा खात्मा

द फॉलोअप टीम, रांचीः
झारखंड स्टेट लाईवली-हुड प्रमोशन सोसायटी के द्वारा डायन कुप्रथा मुक्त झारखंड की कार्यशाला आयोजित की जा रही है। बुधवार को कार्यशाला का दूसरा दिन था। दूसरे दिन कई तकनीकी सेशन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रुप में शिक्षाविद् डॉ. सुनीता रॉय थी। मौके पर ग्रामीण विकास सचिव, डॉ मनीष रंजन ने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड को डायन कुप्रथा मुक्त बनाना है। 

डायन कुप्रथा उन्मूलन को मिलेगी गति
गरिमा परियोजना के तहत वल्नेबरिलिटी मैंपिंग एवं ग्राम संगठन के प्रशिक्षण के जरिए डायन कुप्रथा उन्मूलन को गति दिया जाएगा। जल्द ही जेंडर मंच बनाया जाएगा, जिससे डायन कुप्रथा जैसे अंधविश्वास एवं भेदभाव को दूर कर जागरुक करने का काम किया जाएगा। 

महिला सशक्तिकरण पर होगा काम
शिक्षाविद् व यूजीसी वूमेन्स सेंटर की प्रमुख डॉ. सुनीता रॉय ने कहा कि समाज को शिक्षित करने से ही डायन कुप्रथा खत्म हो सकती है। डायन प्रथा से पीडित महिलाओं को शिक्षित करके आजीविका से जोड़ा जा सकता है। कल के सुंदर विकसित समाज के निर्माण के लिए डायन कुप्रथा का उन्मुलन जरूरी है। ग्रामीण इलाके से ओझा-गुणी प्रथा को खत्म करने के लिए शिक्षा के अलख जगाने की जरूरत है। उन्होंने समाज में लैंगिंक समानता एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने की जरुरत पर बल दिया। 

वैज्ञानिक सोच को देना होगा बढ़ावा 
तकनीकी सेशन में झालसा के संतोष कुमार ने बताया कि झालसा राज्य में डायन कुप्रथा पीड़ितों को कानूनी मदद करने के लिए लगातार प्रयासरत है। हमें वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की जरूरत है। जल्द ही झालसा के द्वारा स्कूलों में लीगल साक्षरता क्लब का गठन किया जा रहा है जो डायन कुप्रथा उन्मूलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ के वाइस चांसेलर डॉ केशव राव ने बच्चों को डायन कुप्रथा के बारे में जागरुक करने की जरूरत पर बल दिया। 

मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी मिलेगी मदद
सीआईपी के निदेशक डॉ बासुदेब प्रसाद ने कहा कि गरिमा परियोजना के अंतर्गत सीआईपी मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोचिकित्सीय सहयोग के लिए कार्य करेगा। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए भी जेएसएलपीएस के साथ मिलकर कार्य करने की जरूरत है। पीड़ित महिलाओं को एक नया जीवन देने में मानसिक स्वास्थ्य की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य काउंसिलिंग के लिए सीआईपी के 15 हेल्पलाईन नंबर  दिन-रात कार्य़ कर रहे है। 

डायन कुप्रथा का हो उन्मूलन 
राष्ट्रीय स्तर की वक्ता गोविंद केलकर ने डायन कुप्रथा के अंतर्राष्ट्रीय परिपेक्ष्य को सामने रखा। अफ्रिका, यूरोप घाना समेत कई देशो का जिक्र करते हुए डॉ केलकर ने डायन कुप्रथा के कारण, निदान एवं उन्मूलन पर अपनी बातें रखी। सीईओ जेएसएलपीएस नैन्सी सहाय ने कहा कि यह कार्यशाला गरिमा परियोजना के क्रियान्वयन एवं राज्य से डायन कुप्रथा के उन्मूलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सखी मंडल की बहनों के जरिए गांव –गांव तक जागरुकता का कार्य किया जाएगा एवं सभी स्टेकहोल्डर्स की साझा रणनीति पर कार्य करने का प्रयास रहेगा।