द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
दुनिया कोरोना वायरस से ओमिक्रॉन वेरिएंट की वजह से दहशत में है। भारत में अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित 213 मरीज मिले हैं जिनमें से 90 लोग ठीक हो चुके हैं। केंदीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 90 मरीजों को अस्पताल से ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। सबसे ज्यादा मामले राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र से सामने आये हैं। इस खबर में आपको बताते हैं कि किस राज्य में कितने मरीज मिले।

किस राज्य में मिले कितने मरीज
दिल्ली में 57 ओमिक्रॉन मरीज मिले जिसमें से 17 ठीक हो गये। महाराष्ट्र में 54 मरीज मिले जिसमें से 28 ठीक हो गये। तेलांगना में 24 मरीज मिले हैं। कर्नाटक में 19 मरीज मिले जिसमें से 15 ठीक हो चुके हैं। राजस्थान में 18 कोरोना मरीज मिले, सभी ठीक हो चुके हैं। केरल में 15 मरीज मिले । गुजरात में 14 मरीज मिले जिसमें से 4 ठीक हो चुके है। जम्मू कश्मीर में 3 मरीज मिले सभी ठीक हो चुके हैं। ओडिशा में 2 मरीज मिले जिसमें से 2 ठीक हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 2 मरीज मिले सभी ठीक। आंध्र प्रदेश में 1 मरीज जो ठीक हो चुका है। चंडीगढ़ में 1 मरीज मिला था जो ठीक हो चुका है। लद्दाख में 1 मरीज जो ठीक हो चुका है। तमिलनाडु में 1 मरीज ठीक हो चुका है। पश्चिम बंगाल में 1 मरीज जो ठीक हो चुका है।

राजेश भूषण की प्रेस वार्ता की बातें
गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजेश भूषण ने प्रेस वार्ता कर कहा है कि लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष आने वाला है। जरूरी है कि लोग सार्वजनिक समारोहों से दूरी बरतें। मास्क का इस्तेमाल करें। यदि किसी में लक्षण दिखता है तो तुरंत जांच करवायें।
24 नवंबर को सामने आया था ओमिक्रॉन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट का पहला मामला दक्षिण अफ्रीका में सामने आया था। एक निजी लैब ने 24 नवंबर को इसकी पहचान की थी जिसके बाद दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने विश्व स्वास्थ्य सगंठन को इस बात की जानकारी दी थी। विश्व स्वास्थ्य सगंठन ने इसके बाद नए वेरिएंट को लेकर पूरी दुनिया को आगाह किया था।