द फॉलोअप टीम, चाईबासाः
चाईबासा के जिन16 श्रमिकों को आंध्रप्रदेश के आइस आइलैंड में बंधक बनाकर रखा गया था, उन्हें मुक्त करा लिया गया है। सभी मजदूरों को राज्य वापस लाया जा रहा है। इन श्रमिकों को आइस आइलैंड में काम के बहाने ले जाकर बंधक बना लिया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली। उन्होंने श्रम अधीक्षक चाईबासा और श्रम विभाग, झारखण्ड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने आंध्रप्रदेश के अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद आंध्रप्रदेश पुलिस और वहां के श्रम विभाग की टीम ने छापेमारी कर श्रमिकों को मुक्त कराया।

22 घंटे तक करना पड़ता था काम
श्रमिकों को आंध्रप्रदेश आइस आईलैंड में मछली पालन के काम में लगा दिया गया। वहां उनसे 22 घंटे काम लिया जाता था। काम पर नहीं जाने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी। पीने का साफ पानी भी तक श्रमिकों को नहीं मिलता था। खाना भी समय से नहीं मिलता था। इसलिए श्रमिकों ने वापस झारखण्ड लौटने की बात ठेकेदार से कही। इसपर श्रमिकों बंधक बना लिया गया। मजदूरी का पैसा भी नहीं मिला।
श्रमिकों को मजदूरी मिली
हालांकि श्रमिकों को 15 दिनों का कुल पारिश्रमिक 48,000 रुपये दे दिया गया है। सभी श्रमिक विजयवाड़ा स्टेशन से 2 दिसंबर की सुबह ट्रेन से झारखण्ड के लिए रवाना हो चुके हैं। श्रमिकों ने एक वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।