द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में आगामी 15 दिसंबर से किसानों से धान खरीदने की प्रक्रिया शुरू होगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी तिथि को धान की खरीद प्रक्रिया शुरू की गई थी। खाद्य आपूर्ति विभाग ने बीते साल की तुलना में इस साल 2 लाख टन अधिक धान की खरीद का लक्ष्य तय किया है। खाद्य आपूर्ति विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष 8 लाख टन धान की खरीद की जा सकेगी। गौरतलब है कि बीते वर्ष 6 लाख टन लक्ष्य के विरुद्ध 6.2 लाख टन धान की खरीद की गई थी।
शुरू हो गया है किसानों का रजिस्ट्रेशन
मिली जानकारी के मुताबिक धान खरीद को लेकर किसानों के रजिस्ट्रेशन का काम शुरू कर दिया गया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में 2 दिसंबर को बैठक की थी। इसी में चर्चा की गई थी कि साधारण धान का समर्थन मूल्य 1,940 रुपया प्रति क्विंटल होगा। सरकार इस पर 110 रुपया बोनस भी देगी। ग्रेड वन धान के लिए समर्थन मूल्य 1.960 रुपया और बोनस 110 रुपया होगा। विभाग की तरफ से धान खरीद के समय ही किसानों को 50 फीसती प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाना है। बाकी राशि का भुगतान अगले 3 महीने में किया जायेगा।

ई-उपार्जन या बाजार पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होगा
धान बेचने वाले किसानों को ई-उपार्जन पोर्टल या बाजार एप पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसमें आधार संख्या, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, कृषि कार्य के लिए प्रयुक्तक रकबा (खाता औऱ प्लाट संख्या) सहित अन्य जानकारियां देनी होगी। किसानों के सभी कागजात जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा निर्धारित पोर्टल एवं एप र अपलोड किया जायेगा।
किसान का आवेदन रद्द होने पर ये करना होगा
यदि किसी किसान का आवेदन रद्द कर दिया जाता है अथवा उसमें कोई त्रुटि पाई जाती है तो इसकी सूचना एसएमएस के जरिये या फोन के जरिए दी जायेगी। धान अधिप्राप्ति में रकबा के मुताबिक लघु, सीमांत, मध्यम या वृहद किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। खरीफ विपणन मौसम 2021-22 में धान आधिप्राप्ति एवं सीएमआर जमा करने की तिथि 30 सितंबर 2022 तय की गई है।