logo

ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 415 तक पहुंची, हरियाणा और एमपी सहित इन राज्यों में नाईट कर्फ्यू

ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 415 तक पहुंची, हरियाणा और एमपी सहित इन राज्यों में नाईट कर्फ्यू

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

भारत में बीते 24 घंटे में 7 हजार 189 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस दरम्यान 7 हजार 286 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में संक्रमण की वजह से 387 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में कुल एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 77 हजार 32 है। अब तक 3 करोड़ 42 लाख 23 हजार 263 मरीज ठीक हो चुके हैं। 

साढ़े 4 लाख से ज्यादा नागरिकों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरने वालों की संख्या 4 लाख 79 हजार 520 तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने प्रेस वार्ता की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि राज्यों को कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिया गया है। जांच की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर भी लोगों से अपील की है कि वे मास्क का इस्तेमाल करें। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। खुद का खयाल रखें। 

ओमिक्रॉन के मामले 415 तक पहुंच गये हैं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये भी बताया कि 17 राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेशों को मिलाकर देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या 415 तक पहुंच गई है। ओमिक्रॉन के सर्वाधिक मामले दिल्ली, महाराष्ट्र, तेलांगना, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में मिले हैं। दिल्ली में सार्वजनिक समारोहों पर पाबंदी लगाई गई है। स्कूल बंद कर दिये गये हैं। मध्य प्रदेश, यूपी और हरियाणा में ने नाईट कर्फ्यू लगा दिया गया है। महाराष्ट्र में 31 दिसंबर तक धारा-144 लगा दी गई है। लोग इकट्ठा नहीं हो सकते। अहमदनगर जिला प्रशासन ने सभी सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में नो वैक्सीन-नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया है। 

141 करोड़ से ज्यादा नागरिकों का टीकाकरण
गौरतलब है कि अब तक 141 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को टीकाकऱण किया जा चुका है। अधिकांश आबादी को कोविड टीका का पहला डोज लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के साथ मिलकर हर घर दस्तक अभियान शुरू किया है। इसके तहत, आंगनबाड़ी, पंचायत तथा स्कूल भवन में शिविर लगाकर लोगों को टीका लगाया जा रहा है। बूस्टर डोज पर भी विचार किया जा रहा है।