logo

कब तक हाड़ कंपाएगी ठंड, जानिए झारखंड में कब कम होगा शीतलहर का सितम

कब तक हाड़ कंपाएगी ठंड, जानिए झारखंड में कब कम होगा शीतलहर का सितम

द फॉलोअप टीम, रांचीः
झारखंड इस वक्त शीतलहर की चपेट में है। ठंड से राज्य में पिछले 24 घंटे में 5 लोगों की मौत हो गई है। धनबाद के टुंडी में ठंड लगने से शुक्रमुनी देवी की मौत हो गई। चतरा में कालू भुईयां की मौत हो गई। गोड्डा में बिटिया मरांडी और चक्रधरपुर के गुल खेड़ा पंचायत में ठंड लगने से जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 26 दिसंबर को बादल छाए रह सकते हैं। 28 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार को कांके का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर नेतरहाट सुबह से शाम तक कोहरे की चादर में लिपटा रहता है। जबरदस्त ठंड के बीच सैलानियों का यह पसंदीदा स्थल बना हुआ है।  

क्रिसमस से पहले मिलेगी राहत 
क्रिसमस से पहले लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।  मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली सर्द हवाओं के बहाव में थोड़ी कमी आएगी। तीन से चार दिन में तापमान 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। 24 दिसंबर तक राज्य में ठंड में कमी होने से शीतलहर खत्म हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के और मजबूत होने की स्थिति में 27 दिसंबर को राज्य के विभिन्न इलाके में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

जानें, आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान में गुरुवार को राज्य के रांची, गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री रहेगा। वहीं कोल्हान , धनबाद, गिरिडीह, देवघर,दुमका, पाकुड़ और गोड्डा में न्यूनतम तापमान आठ से 9 डिग्री रहने के आसार हैं।