द फॉलोअप टीम, रांची:
चक्रवाती तूफान जवाद का प्रभाव कई राज्यों में दिखने लगा है। शनिवार को भी कई जिलों में हल्की बारिश हुई। रविवार को भी दक्षिणी, मध्य और उत्तरी-पूर्वी इलाकों में तूफान का ज्यादा असर देखने को मिला। रविवार की शाम और सोमवार को पूरे दिन इन जिलों में मध्यम से हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बादल छाये रह सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।
झारखंड के इन इलाकों में ज्यादा बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि जवाद तूफान का ज्यादा प्रभाव रविवार को भी झारखंड में देखने को मिलेगा। राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तरी-पूर्वी जिलों में मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। दूसरे जिलों में भी आसमान में बादल छाये रह सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 7 दिसंबर के बदा इस तूफान का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। बारिश का असर ये होगा कि सात दिसंबर के बाद राज्य में ठंड में इजाफा हो जायेगा।

रविवार देर शाम तट से टकराएगा चक्रवात
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार की देर शाम चक्रवाती तूफान जवाद ओडिशा के पुरी तट तक पहुंचेगा। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षइण तटीय क्षेत्र और ओडिशा में सबसे ज्यादा बारिश होगी। कुछ जिलों में तो रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने वीकेंड पर पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा के अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।