द फॉलोअप टीम, रांची:
आसमान छूती महंगाई के विरोध में एवं कोविड महामारी में अपने प्रियजनों को खो चुके परिजनों को केन्द्र सरकार के द्वारा 4 लाख रुपये आर्थिक सहायता को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर 12 दिसम्बर को जयपुर में आयोजित विराट रैली में भाग लेने के लिए विधायक दल नेता आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरीष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, शमशेर आलम, दीबेश राज, राजा सिंह राजपूत, सुल्तान अहमद एवं अन्य कांग्रेस जनों के साथ प्रस्थान कर गये।
मीडिया-कर्मियों से बातचीत में क्या कहा!
हवाई अड्डे पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने कहा महंगाई को लेकर 2014 में भाजपा की सरकार सत्ता में आई थी लेकिन आज हालात क्या हैं किसी से छुपी हुई नहीं है। पेट्रोल, डीजल गैस, खाने-पीने से लेकर हर वस्तुओं की कीमत चार गुणा बढ़ गई है। आम लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। महंगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा एआईसीसी के आह्वान पर दिल्ली जा रहे हैं और वहां से जयपुर में आयोजित रैली में भाग लेंगे।

लाखों कार्यकर्ता पहुंचेंगे जयपुर
महंगाई हटाओ रैली में देशभर से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंच रहे हैं। पहले यह रैली रामलीला मैदान नई दिल्ली में होनी थी लेकिन केन्द्र सरकार के दवाब के आगे दिल्ली के उपराज्यपाल ने अनुमति वापस ले ली। कांग्रेस नेता आलोक दूबे ने बताया कि पेट्रोल-डीजल-एलपीजी सिलेंडर, दाल, तेल, सब्जी सहित खाने पीने की सभी वस्तुओं की कीमतों को कम करने के लिए केन्द्र सरकार पर यह रैली कारगार दवाब बनायेगी। उसी प्रकार जिस प्रकार कृषि काले कानून एवं वनों का अधिकार संशोधन कानून को जनमत के आगे वापस लेना पड़ा।