logo

इतिहास: मुग़ल बादशाह अकबर के बारे में शिवाजी महाराज ने यह क्या लिख दिया था

14228news.jpg

बोधिसत्व, मुंबई:
मेरा मानना है कि इतिहास को बदला नहीं जा सकता। उसे धुंधला करने की कोशिश करने में भी बहुत कुछ नष्ट करना होगा। अकबर (25 अक्टूबर 1542- 27 अक्टूबर 1605) और शिवाजी महाराज के विचारों को लेकर भाजपा की सोच जग जाहिर है। लेकिन अकबर और उनकी महनता के बारे में महान शिवाजी क्या सोच रखते हैं उसे उनके एक पत्र से समझा जा सकता है। शिवाजी का यह पत्र बताता है कि अकबर को शिवाजी कहीं से भी सांप्रदायिक और भेदवाद करने वाला या फिरकापरस्त शासक नहीं मानते थे। शिवाजी ने अपनी यह भावना अकबर के ही वंशज बादशाह औरंगजेब से प्रकट की है। अब यदि कोई इतिहास से अकबर के सुकीर्ति को मिटना चाहे तो शिवाजी के कथनों को जलाना पड़ेगा। मिटाना पड़ेगा। शिवाजी का यह पत्र यदुनाथ सरकार की किताब से उद्धृत है और लेकिन यहां प्रकाशित अंश राय आनन्द कृष्ण की किताब अकबर से लिया गया है। पत्र में शिवाजी के माध्यम से अकबर के प्रति उनकी प्रजा की भावनाएं भी उजागर होती है। अकबर की प्रजा उनको "जगतगुरु" मानती थी।

शिवाजी के पत्र का अंश- 
"अकबर ने इस बड़े राज्य को बावन बरस तक ऐसी सावधानी और उत्तमता से चलाया कि सब फिरकों के लोगों ने सुख और आनन्द पाया। क्या ईसाई, क्या भुसाई, क्या दाऊदी, क्या फलकिये, क्या नसीरिए, क्या दहरिये, क्या ब्राह्मण और क्या सेवड़े, सब पर उनकी समान कृपा दृष्टि रहती थी। इसी सुलह कुल के बर्ताव के कारण सब लोगों ने उन्हें जगत गुरु की पदवी दी थी। इसी प्रभाव के कारण वे (अकबर) जिधर देखते थे, फतह उनके सामने आकर खड़ी हो जाती थी"

जो भावनाएं शिवाजी प्रकट कर रहे हैं उसे उनके नाम लेकर  राजनीति चला रहे लोग कितना मानते हैं यह देखने की बात है। लेकिन ऐतिहासिक तथ्यों को दरकिनार नहीं किया जा सकता। अकबर के देहांत पर देश की क्या प्रतिक्रिया थी उसका एक प्रमाण विख्यात हिंदी कवि बनारसी दास जैन ने अपनी पुस्तक अर्ध कथानक में लिखा है। वे लिखते हैं कि "प्रजा मानो अनाथ हो गई। उसका स्वामी चला गया। जौनपुर के निवासी भयभीत हो गए, उनका मुख पीला पड़ गया और हृदय व्याकुल हो गया। ऐसी ही प्रीति थी अकबर के प्रति प्रजा में।"

इसे भी पढ़ें

प्रयाग: इलावास से इलाहाबास होते हुए इलाहाबाद बने शहर में अकबर का योग

बादशाह अकबर के देहावसान की सूचना बनारसी दास जैन को जौनपुर में मिली थी। वे लिखते हैं कि जौनपुर में दस दिन शोक मनाया गया। कितना आपको बताया जाता है वह अपनी जगह है लेकिन आज आप का फर्ज बनता है कि आप अपने महान शासकों के बारे में वह जाने जो आपको नहीं बताया जा रहा है। अगर महान संत तुलसीदास और सूरदास अकबर के समकालीन होकर भी उनके बारे में कोई विरोधी वाक्य नहीं बोलते तो इसमें आश्चर्य कैसा?

 

 

 

(मूल नाम अखिलेश कुमार मिश्र। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में छोटे से गाँव भीखारीपुर के निवासी। मिज़ाज से कवि। पेश से धारावाहिक लेखक। कविता संग्रह- दु:ख तंत्र, सिर्फ कवि नहीं, हम जो नदियों के संगम हैं, खत्म नहीं होती बात प्रकाशित। भारत भूषण अग्रवाल स्मृति पुरस्कार, संस्कृति सम्मान, हेमंत स्मृति सम्मान, गिरिजा माथुर स्मृति सम्मान जैसे सम्मान से समादृत। कई टीवी धारावाहिक का लेखन। अभी स्टार प्लस और डिज्नी हॉट स्टार पर उनका धारावाहिक "विद्रोही" प्रसारित हो रहा है। संप्रति मुंबई में रहकर टीवी और फिल्मों के लिए लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।

__________
बोधिसत्व    मुम्बई