द फॉलोअप टीम, रांचीः
साल 2021 खत्म होने को है, लेकिन अब तक राज्य में मॉब लिचिंग पर सख्त कानून नहीं बनाया गया। मॉब लिचिंग पर सख्त कानून को लेकर झारखंड मुस्लिम सेंट्रल कमिटी के लोगों ने लगातार मांग भी की है। सरकार से लगातार मांग की जा रही है कि मॉब लिचिंग को लेकर कड़ा कानून सदन से पारित हो। अब खबर आ रही है कि मॉब लिंचिंग रोकने के लिए कानून का प्रारूप तैयार है। जल्द ही इस विधेयक को कानून का रूप देगी। इस प्रस्तावित विधेयक का नाम द झारखंड प्रीवेंशन ऑफ मॉब वायलेंस एंड मॉब लिंचिंग बिल 2021 है। कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिलते ही इसे विधानसभा में पेश किया जाएगा।

इसी शीत सत्र में लागू करने की मांग
कई दलों का भी दबाव है कि इस विधेयक को वर्तमान शीत सत्र में ही लाया जाए। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने से पहले यह वादा भी किया था कि उनकी सरकार बनते ही मॉब लिंचिंग पर कानून बनाया जाएगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में इस तरह के कानून लाने की तैयारी चल रही है। झारखंड में पिछले कई सालों के दौरान मॉब लिंचिंग की कई घटनाएं हुई हैं। इसलिए इसे रोकने तथा इस कार्रवाई के लिए दोषियों को दंडित करने में कानून में प्रावधान होगा।
मुबारक खान की मौत हुई
गौरतलब है कि अनगड़ा के मुबारक खान की मौत भी मॉब लिंचिग से ही हुई थी। इसके बाद झारखंड मुस्लिम सेंट्रल कमिटी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। मांग की गई थी कि मॉब लिंचिंग पर बंगाल के तर्ज पर हमारे प्रदेश में भी कड़ा कानून बनें। लेकिन अब तक कानून लागू नहीं हुआ।