द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत का पार्थिव शरीर उनके सरकारी आवास से बरार स्क्वायर ले जाया गया। लोगों ने जयघोष के साथ उनको श्रद्धांजलि दी। मार्ग के दोनों तरफ खड़े लोगों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, बिपिन जी का नाम रहेगा और भारत माता की जय के नारे लगाये। वहां उपस्थित हर किसी की आंखें अपने वीर सपूत के इस तरह चले जाने से नम दिखीं। गौरतलब है कि हादसे में जनरल बिपिन रावत की पत्नी मधुलिका रावत का भी निधन हो गया।
बरार स्क्वायर में सीडीएस को दी गई श्रद्धांजलि
बरार स्क्वायर में जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के पार्थिव शरीर पर कई गणमान्य हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने सीडीएसस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, मनसुख मंडाविया, स्मृति ईरानी और सर्बानंद सोनोवाल ने भी जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंख नम दिखी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा ने भी सीडीएस जनरल बिपिन रावत को अंतिम सम्मान दिया। थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और नौसेना प्रमख एडमिरल आर हरि कुमार ने भी दिवंगत जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी।
बुधवार को दुर्घटना का शिकार हो गया था हेलिकॉप्टर
गौरतलब है कि बुधवार को तमिलनाडु के सुलूर एयरबेस से वेलिंग्टन जाते समय वायु सेना का एमआई-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित कुल 14 लोग सवार थे। विमान नीलगिरि जिले में कुन्नूर की पहाड़ियों पर दुर्घटना का शिकार हो गया। इसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का निधन हो गया। दुर्घटना में कुल 13 लोगों का निधन हो गया। एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज जारी है।