द फॉलोअप टीम, देवघरः
देवघर और चतरा के कल्याण विभाग में हुए 9.33 करोड़ रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले में चतरा पुलिस ने देवघर में छापामारी की। चतरा के पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी आशुतोष कुमार को देवघर और प्रयास एनजीओ के डायरेक्टर अभय कुमार को भी गोड्डा से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। चतरा पुलिस सिमरिया एसडीपीओ अशोक कुमार प्रियदर्शी के नेतृत्व में छापेमारी करने देवघर व गोड्डा आयी थी।
19 लोग आरोपी
आशुतोष कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है। वह देवघर में कार्यपालक दंडाधिकारी, मंडल कारा के प्रभारी जेल अधीक्षक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। छात्रवृत्ति घोटाला मामले में 19 लोग आरोपी है। मुख्य रूप से आशुतोष कुमार, भोलानाथ लागुरी, नाजिर इंद्रदेव प्रसाद, प्रधान सहायक काशी प्रसाद गुप्ता, एनजीओ सेनवर्ड के अधिकारी, प्रयास संस्था के अधिकारी के नाम शामिल हैं।

2 नवंबर, 2017 को लगी थी आग
2 नवंबर, 2017 को विकास भवन में आग लगी थी। जिसमें कल्याण विभाग के सभी दस्तावेज जल गये थे। घोटाले को लेकर प्रशासन की ओर से चतरा के सदर थाना में कांड संख्या 165/18 दर्ज कराया गया था। अभय कुमार ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि वे प्रयास संस्था के डायरेक्टर हैं। 2008 में उन्हे एनजीओ का सदस्य बनाया । उस वक्त वह मेदिनीनगर में मुरली प्रसाद के आवास पर रहते थे। एनजीओ का संचालन मुरली प्रसाद करते थे। उनको बिना बताये ही एनजीओ का डायरेक्टर बना दिया गया। उनका फर्जी हस्ताक्षर कर जमानत के लिए झारखंड हाईकोर्ट में अर्जी दायर की गयी। आशुतोष कुमार ने बताया कि नाजिर ने उनका फर्जी हस्ताक्षर कर पैसे की निकासी की थी। बैंक को खाता बंद करने के लिए घटना के दो माह पूर्व पत्र लिखा था। इसके बाद पैसे की निकासी की गयी।