logo

फुदकने की उम्र में बना दी गई दो बच्चियां मां, शिशु को दिया जन्म, दुष्कर्म का आरोपी सलाखों के पीछे

4567news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
जिन्हें अभी आंगन में तितली सा घर-आंगन में फुदकना था। फूलों सा खिलना था। नदी सा इठलाना अभी आया ही नहीं कि उनकी देह निचोड़ दी गई। बात गुमला जिले की दो मासूम बच्चियों की है, जो 14 और 16 साल की उम्र में मां बन चुकी हैं। किसी और के गुनाहों का खमियाजा इन्हें भुगतना पड़ रहा है। इन बच्चियों ने अभी मां के आंचल में सुबक ठीक से नींद भी नहीं ली है कि खुद ममता न्यौंछावर करनी पड़ रही है।

प्रेम के नाम फंसाया, शादी के वादे पर यौन शोषण 
रायडीह प्रखंड की 14 वर्षीय किशोरी को गांव के एक व्यक्ति ने प्रेमजाल में फंसाया। दैहिक संबंध बनाए। जब गर्भवती हो गयी तब इस बात का खुलासा हुआ था। 10 दिन पहले थाने में केस दर्ज कराया गया। बिशुनपुर प्रखंड की 16 वर्षीय दूसरी लड़की है। उसके साथ एक व्‍यक्ति ने जंगल में दुष्कर्म किया था। थानों में केस दर्ज किये जाने के बाद से दोनों सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में थीं। सामज के डर से दोनों अपना गर्भपात करवाना चाहतीं थी लेकिन काफी समय बीत चुका था। 26 जनवरी को गुमला सदर अस्पताल में दोनों ने अलग-अलग शिशु को जन्म दिया है।

दोनों पीड़िता और बच्चे स्वस्थ 
प्रसव का समय जब पूरा हो गया तो दोनों पीड़िताओं को 25 जनवरी को अस्पताल में एडमिट किया गया। बच्चों को जन्म देने के बाद दोनों लड़कियों को सुरक्षा के साथ अस्पताल में ही रखा गया है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार दोनों पीड़िता और उनके बच्चे स्वस्थ हैं। दोनों बच्चियों की जिंदगी नरक बनानेवाले आरोपी सलाखों के पीछे हैं। दोनों लड़कियां अपने बच्चों को सीडब्ल्यूसी को हैंडओवर करना चाहती हैं।