द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
किसान आंदोलन के 378 वें दिन आंदोलनरत किसानों ने निर्णय लिया है कि अब उन्हें अपने-अपने घर लौटना होगा। संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद किसान नेताओं ने मीडिया को बताया कि आंदोलन स्थगित हो रहा है। हर महीने स्थिति की समीक्षा होगी। 15 जनवरी को समीक्षा बैठक होगी। अगर सरकार अपने वादों से पीछे हटेगी तो किसान फिर सड़कों पर उतरेंगे। 11 दिसंबर से किसान अपने घरों को लौटने शुरू हो जाएंगे। बता दें कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले एक साल से अधिक समय से किसान आंदोलनरत हैं।

क्यों हो रहा आंदोलन खत्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब कुछ दिनों पहले तीन कृषि कानूनों की वापसी की बात कही थी, तब से ही आंदोलन के खत्म होने के क़यास लगाए जा रहे थे। हालांकि किसान एमसपी पर कमेटी बनाने और आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए केस को वापस लेने की मांग पर अड़े थे। वो लिखित आश्वासन चाह रहे थे। अब केंद्र सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने की खबर है। इसके बाद ही किसानों में आंदोलन खत्म करने पर सहमति बनी। आंदोलन के दौरान शहीद किसानों के परिवारों को मुआवजे देने के लिए भी यूपी और हरियाणा की सरकारों ने सहमति दे दी है।

बैठक के बाद लिया गया निर्णय
केंद्र के प्रस्ताव मिलने के बाद आज सिंघु बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने बैठक की। जिसमें आंदोलन खत्म किये जाने पर सहमति बनी। मशहूर किसान नेता राकेश टिकैत ने पहले ही कहा था कि उन्हें बिना लिखित दस्तावेज के किसी चीज पर भरोसा नहीं है। अब सारा कुछ सरकार की चिट्ठी पर निर्भर करता है। सरकारी पत्र के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बनी है। फिर बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन खत्म करने का एलान कर दिया है। मोर्चा ने कहा है कि 13 दिसंबर को किसान स्वर्ण मंदिर जाएंगे।

बॉर्डर के ताज़ा हाल
खबर है कि संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक शुरू होने से पहले ही आंदोलन स्थलों से किसानों ने अपने टेंट हटाने शुरू कर दिए थे। कुंडली सिंघु बॉर्डर से किसान झोपड़ियां और टेंट हटाने लगे हैं। किसान पंजाब जाने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि किसानों की लंबित मांगों पर सरकार की तरफ से कृषि सचिव के हस्ताक्षर से चिट्ठी भेजी गई थी। उसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने निर्णय लिया। आंदोलन में करीब 32 किसान संगठन शामिल थे।