logo

मुखिया के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बंद कराया नहर निर्माण कार्य, कहा- डूब जाएगा गांव

मुखिया के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बंद कराया नहर निर्माण कार्य, कहा- डूब जाएगा गांव

द फॉलोअप टीम, पलामू:


मलय नहर परियोजना के तहत प्रखंड के बसौरा गांव में संचालित नहर निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने विरोध किया। कई ग्रामीणों ने सोमवार को निर्माण कार्य बंद करा दिया। स्थानीय मुखिया गुड्डी देवी के नेतृत्व में बसौरा, बकसखाप आदि गांव के कई ग्रामीण नहर निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां पक्की करण काम को बंद करा दिया। ग्रामीणों ने निर्माण करा रही कंपनी और विभाग पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।

मांग के विपरीत हो रहा काम 
कई ग्रामीणों ने कहा कि डेढ़ वर्ष मांग के विपरीत काम जारी है। ऐसे में काम रोकना ही विकल्प था। कई ग्रामीणों का कहना था कि नहर पक्कीकरण होने से बरसात के दिनों में बसौरा गांव डूब जाएगा। इससे बचाव के लिए मुखिया के नेतृत्व में कई ग्रामीण डेढ़ वर्ष पूर्व जल पथ प्रमंडल मेदिनीनगर के कार्यपालक अभियंता से मिले थे। एक सीडी निर्माण कराने को ले मांग पत्र सौंपा गया था। गांव में देव स्थल तक पहुंचने के लिए बीच में एक पुलिया निर्माण की मांग रखी गई थी। बावजूद विभाग ने ग्रामीणों की मांग पर विचार तक नहीं किया। काम जारी है। इसके विरोध में काम को बंद कराया जा रहा है। 

बरसात में पूरा गांव डूब जाएगा
मौके पर पहुंची मुखिया गुड्डी देवी ने कहा कि बसौरा डूब क्षेत्र में आता है। इस नहर से प्रखंड के करीब 30 से 35 गांव में बरसाती पानी पहुंचता है। नहर में सीडी नहीं बनेगा तो बरसात में पूरा गांव डूब जाएगा। विभागीय अभियंता से दूरभाष पर बात की। कहा कि सीडी और पुलिया निर्माण होने के बाद ही काम शुरू होने दिया जाएगा। कम बंद कराने वालों में संतोष जयसवाल, अरुण सिंह, जंगाली सिंह, मुकेश सिंह, जमुना सिंह, शोभि सिंह, प्यारी सिंह, दिनेश सिंह, इतवारी देवी, शरीफा देवी, देवंती देवी, मुखलालो देवी समेत कई लोग शामिल थे।