द फॉलोअप टीम, रांचीः
21 दिसंबर को शीतकालीन सत्र के दौरान मॉब लिंचिंग बिल पारित कर दिया गया। एक बड़ा वर्ग इस बिल के पारित होने से खुश है तो वहीं कुछ लोगों में इसको लेकर नाराजगी भी है। विश्व हिंदू परिषद इस विधेयक का खुले तौर पर विरोध कर रही है। विहिप इसे मतांतरण कराने वाला कानून कह रही है। विहिप (VHP) के प्रांत प्रचारक संजय कुमार ने इसे गौ तस्करी को बढ़ावा देने वाला कानून कह रहे हैं। उनका कहना है कि इस बिल के कानून बन जाने से आदिवासी समाज का मतांतरण कराने में तेजी आएगी। इसका विरोध करने वालों को डर बना रहेगा कि कहीं इस कानून का सहारा लेकर किसी मामले में न फंसा दिया जाए।

कानून का दुरुपयोग होगा
संजय कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस कानून का दुरुपयोग किया जा रहा है। वहां अगर कोई मतांतरण, गो तस्करी या गौमांस तस्करी का विरोध करता है तो उस पर मॉब लिंचिंग कानून लगा कर उसको जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में मतांतरण हो रहा है। पाकुड़ कभी आदिवासी बहुल जिला हुआ करता था, पर आज वह वहां अल्पसंख्यक हो गए हैं। इसी तरह खूंटी ईसाई बहुल जिला हो गया है। इस कानून का सहारा लेकर मतांतरण करवाया जाएगा या गो तस्करी बढ़ेगा।
राज्यपाल से करेंगे मुलाकात
संजय कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद इसका विरोध करेगी। जल्द ही राज्यपाल से मिलकर विरोध दर्ज कराएगी। विधानसभा से पारित विधेयक का संगठन का विधि प्रकोष्ठ अध्ययन कर रहा है। आवश्यकता पड़ी तो कोर्ट में इसे लेकर याचिका भी दायर की जाएगी।