द फॉलाेअप टीम, पटना:
दो दिनों से सूबे सबसे बड़े सियासी परिवार के बड़े बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की सगाई और शादी की चर्चा है। लेकिन परिवार का कोई भी सदस्य खुलकर बताने को तैयार नहीं कि आज सगाई हो रही है या शादी। लेकिन दिल्ली से छनकर आने वाली सूचनाएं बता रही हैं कि तैयारी किसी फार्म हाउस में जोरों से की जा रही है। इसकी सभी निगरानी मीसा भारती कर रही हैं। बात आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के राजनीतिक वारिस माने जाने वाले तेजस्वी की ही है। महज़ लालू की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) के एक ट्विट से इस खबर की पुष्टि होती है कि तेजस्वी की शादी होने वाली है। जबकि मीसा भारती (Misa Bharti) ने तो इस बात से भी इंकार दिया है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। रोहिणी का पोस्ट देखिये:
भाई के सिर पर सेहरा है सजने वाला
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) December 8, 2021
खुशियों से गुलजार घर का आँगन है होने वाला????????
पहले कहा था-माता-पिता ही करेंगे लड़की का चयन
इस ट्विट से स्पष्ट है कि तेजस्वी के सर सेहरा बंधने वाला है। लेकिन परिवार इसे इतना राज़ क्यों रखे हुए है। बात बहुत पहले से शुरू होती है। साल 2015 में चलते हैं। जब तेजस्वी यादव बिहार के उपमुख्यमंत्री थे। उन्होंने एक व्हाट्सऐप नंबर जारी करते हुए लोगों को इस नंबर पर टूटी सड़कों आदि की जानकारी देने की अपील की थी। तब इस नंबर पर कुल 47,000 मैसेज आए थे। जिसमें से 44,000 उनके लिए शादी के प्रस्ताव ही थे। तब तेजस्वी ने सभी रिश्तों को रिजेक्ट कर कहा था कि शादी तो करनी है लेकिन लड़की का चयन माता-पिता ही करेंगे।

स्कूली दिनों की दोस्त है होने वाली दुल्हन
लेकिन अब खबर है कि वह अपनी ही पसंद से शादी करने जा रहे हैं। वह लड़की कोई और नहीं उनकी स्कूली दिनों की दोस्त है। लेकिन न वह बिहार की है, और न ही किसी राजनीतिक परिवार से उसका संबंध है।लडकी का नाम राजश्री है या एलिक्स। यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। दोनों नई दिल्ली स्थित आरके पुरम दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। लड़की हरियाणा की रहने वाली है और परिवार के साथ दिल्ली स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती है। वह न हिंदू है, न ही मुस्लिम। बेहद सामान्य परिवार की लड़की है और उसकी धार्मिक आस्था ईसाई धर्म में बताई जा रही है।

क्या नाराज़ है पिता लालू यादव
सोशल मीडिया पर भाई की शादी को लेकर खुशी जरूर जताई जा रही हैं। लेकिन परिवार के किसी सदस्य ने इस शादी को लेकर अब तक किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिवाय रोहिणी आचार्य के। दूसरी ओर शादी की तैयारी बेहद गोपनीय तरीके से की जा रही है। दिल्ली स्थित मीसा भारती (Misa Bharti) के फार्म हाउस पर सारी तैयारियां की जा रही हैं। पूरा लालू परिवार इस समय दिल्ली में है। आयोजन स्थल की एक तस्वीर सामने आई है। जिसमें सिक्योरिटी गार्ड और काले कपड़ो में खड़े बाउंसर्स दिखाई पड़ रहे हैं। वहीं खबर यह भी है कि तेजस्वी की सगाई और शादी को लेकर लालू यादव खुश नहीं हैं। परिवार के करीबी सूत्र बता रहे हैं कि तेजस्वी का कोर्ट मैरिज में भी हो सकता है।

50 से अधिक लोग नहीं हो सकेंगे शादी में शामिल
लालू की 7 बेटियों और दो बेटों में तेजस्वी सबसे छोटे हैं। लालू यादव के बाद पार्टी में उनके फैसले माने जाते रहे हैं। तेजस्वी 2015 से 2017 तक बिहार के उप मुख्यमंत्री भी रहे हैं। फिलहाल वो राघोपुर विधानसभा सीट से विधायक और बिहार के नेता प्रतिपक्ष भी हैं। आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से खेल चुके हैं।वे झारखंड क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रहे हैं। खबर है कि कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए सगाई में केवल 50 लोग शामिल होंगे। इसमें लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, मीसा भारती समेत परिवार के सभी सदस्य के शामिल होने की संभावना है।

तेजप्रताप का पत्नी से हो चुका अनबन
लालू यादव के बड़े सुपुत्र तेजप्रताप यादव अपने अलग हटकर दिए जाने वाले बयान के कारण चर्चा में रहते हैं। उनकी 2018 में चंद्रिका राय की बेटी एश्वर्या से शादी हुई थी। हालांकि ये शादी कामयाब नहीं हो सकी। कुछ महिनों बाद ही तेज प्रताप ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी थी। उनके बीच तलाक की सूचना है। तेज प्रताप हसनपुर से विधायक हैं।
