द फॉलोअप टीम, गोपालगंजः
टेरर फंडिंग के मामले में NIA और आईबी की टीम ने 7 दिसंबर को जफर अब्बास को पकड़ लिया। अब उसके बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जफर अब्बास को साइबर क्राइम का एक्सपर्ट बताया जा रहा है। जफर अब्बास के पास से एनआईए ने दो लैपटॉप, छह मोबाइल और छह सिम कार्ड जब्त किये हैं।
डेढ़ घंटे तक पानी में छिपा रहा जफर
लॉकडाउन के बाद जफर ज्यादातर वक्त अपने गांव पथरा में रहा। बाद में एनआईए को पता लगा कि पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर से उसका कनेक्शन जुडा हुआ है। टेरर फंडिंग के साक्ष्य हाथ लगने के बाद एनआईए की टीम मंगलवार को पथरा गांव पहुंची और जफर को गिरफ्तार कर लिया। सबसे बड़ी हैरत की बात है कि जब इसके गांव के तीन मंजिले घर में तलाशा जा रहा था तो ये अपने मकान के पीछे करीब डेढ़ घंटे तक पानी के अंदर एक गड्ढे में छिपा रहा। लेकिन NIA और आईबी की नजरों से ये बच नहीं पाया और इसे पानी में ही दबोच लिया गया था।

आतंकी संगठन लश्कर के संपर्क में
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाने के पथरा गांव का युवक जफर अब्बास टेरर फंडिंग को लेकर आतंकी संगठन लश्कर के संपर्क में है। एनआईए की टीम उसके बारे में जांच-पड़ताल करने लगी। स्थानीय थाने की पुलिस की मदद से जफर पर नजर भी रखी जा रही थी। जफर के साइबर क्राइम से जुड़े मामले की तफ्तीश की गई। जफर अब्बास 2017 में 29 दिन तक तिहाड़ जेल और 2018 में गोपालगंज मंडल कारा में तीन महीने तक साइबर क्राइम के केस में बंद था।
जफर ने भोपाल से की है इंजीनियरिंग
एनआईए ने जिस युवक को आतंकी संगठन से जुड़े होने के शक में गिरफ्तार किया है, वो बीटेक फाइनल इयर का छात्र है. परिवार वालों के मुताबिक वह मध्यप्रदेश के भोपाल के आरजीपीयू यूनिवर्सिटी के आईईएस कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई करता था। कोरोना काल में वह अपने घर आया और यहीं से ऑनलाइन पढ़ाई करने लगा। फरवरी 2022 में फाइनल ईयर का एग्जाम होना था। जफर दो भाइयों में बड़ा भाई है। छोटे भाई ने इसी माह मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा दी है।