रांची
झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Championship 2026 का रांची में सफल समापन हो गया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 3 और 4 जनवरी 2026 को खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के 9 उच्च न्यायालयों से आए 31 माननीय न्यायाधीशों ने भाग लिया। मेन सिंगल्स, वूमेन सिंगल्स, मेन डबल्स और मिक्स्ड डबल्स-कुल चार वर्गों में मुकाबले खेले गए, जहां खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं न्यायपालिका के सदस्यों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आपसी सौहार्द को भी मजबूत करती हैं।

परिणाम इस प्रकार रहे-
मेन सिंगल्स में बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास विजेता बने, जबकि केरल हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस उपविजेता रहे। तीसरा स्थान इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी को मिला।
वूमेन सिंगल्स में उड़ीसा हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति सावित्री राठो ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजस्थान हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति रेखा बोराना उपविजेता रहीं, जबकि न्यायमूर्ति नूपुर भाटी तीसरे स्थान पर रहीं।
मेन्स डबल्स में बॉम्बे हाईकोर्ट की जोड़ी-न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास और न्यायमूर्ति सारंग वी. कोटवाल-ने खिताब जीता। केरल हाईकोर्ट की जोड़ी उपविजेता रही, जबकि मद्रास हाईकोर्ट की जोड़ी को तीसरा स्थान मिला।
मिक्स्ड डबल्स में उड़ीसा हाईकोर्ट की जोड़ी-न्यायमूर्ति वी. नरसिंह और न्यायमूर्ति सावित्री राठो-ने जीत दर्ज की। राजस्थान हाईकोर्ट की जोड़ी उपविजेता रही और तीसरा स्थान भी राजस्थान हाईकोर्ट की जोड़ी को मिला। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए रांची जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं, समन्वय और सुविधाओं की सभी प्रतिभागियों और अतिथियों ने सराहना की।
