द फॉलोअप डेस्क
रांची में आज से हॉकी का फीवर सिर चढ़कर बोलेगा। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पेरिस ओलंपिक के टिकट के लिए कुल 8 टीमें भीड़ेंगी। 13 जनवरी से 19 जनवरी तक रोजाना 4 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत का पहला मुकाबला आज अमेरिका से होगा। शाम 7 बजे से भारत और अमेरिका आपस में भिड़ेंगी। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। भारतीय कप्तान सविता पुनिया ने कहा है कि यहां टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी टीमें मजबूत है लेकिन हम भी किसी से कम नहीं। उन्होंने कहा है कि हमारा फोकस अच्छा प्रदर्शन करने पर है।
स्टेडियम में एंट्री फ्री
स्टेडियम में एंट्री फ्री है इसलिए भी दर्शकों के बड़ी संख्या में लाइव मैच का लुत्फ उठाने के लिए आने की उम्मीद है। मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं लगने वाला है, इसलिए स्टेडियम में सीटें पहले आओ-पहले पाओ के तर्ज पर मिलेगी। जो दर्शक स्टे़डियम में एंट्री नहीं कर पाएंगे उनके लिए मोरहाबादी मैदान में लगी स्क्रिन में मैच दिखाने का इंतजाम किया गया है। एंट्री फ्री है लेकिन दर्शकों को पूरी सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश करने दिया जाएगा। दर्शक पानी की बोतल स्टेडियम के भीतर नहीं ले जा सकते।
झारखंड की 4 खिलाड़ी टूर्नामेंट में ले रही हैं हिस्सा
रांची के हॉकी प्रेमियों के लिए ये टूर्नामेंट इसलिए भी खास होने वाला है क्योंकि वे झारखंड की 4 बेटियों को विरोधियों से दो-दो हाथ करते हुए लाइव देखेंगे। एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर खेल रही टीम इंडिया में झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे, निकी प्रधान, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल है। यह लगातार दूसरी बार होगा जब रांची के दर्शक झारखंड की बेटियों को स्टेडियम में स्टिक से कमाल करते देखेंगे। ब्यूटी डुंगडुंग पिछले टूर्नामेंट में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाई थी लेकिन इस बार उनका जादू भी दिखेगा। हां, टीम इंडिया को 300 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी अनुभवी वंदना कटारिया की कमी जरूर खल सकती है। रांची के दर्शक भी वंदना को मिस करेंगे। हालांकि, टीम में सभी खिलाड़ी वर्ल्ड क्लास हैं।
यह है भारतीय टीम
गोलकीपर: सविता पूनिया (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम
डिफेंडर: निक्की प्रधान (उप-कप्तान), उदिता, इशिका चौधरी, मोनिका
मिडफील्डर: निशा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नेहा, नवनीत कौर, सलीमा टेटे, सोनिका, ज्योति, ब्यूटी डुंगडुंग
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी, दीपिका, बलजीत कौर
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\