द फॉलोअप डेस्क:
लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल नाम का तूफान आया। उन्होंने महज 13 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया। इस पारी में उर्विल पटेल ने 8 छक्के और 2 चौके लगाए। 203 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की जो टीम 4.2 ओवर में महज 50 रन बनाकर जूझ रही थी, वह उर्विल पटेल की पारी की बदौलत पावरप्ले की समाप्तिपर 97 रन बना चुकी थी। उर्विल पटेल ने पावरप्ले में 9 गेंदों पर 42 रन बना दिए थे। गौरतलब है कि सीएसके ने आज ओपनर संजू सैमसन का विकेट जल्दी गंवा दिया था। इसके बाद मध्यक्रम में बढ़िया बल्लेबाजी की जरूरत थी और उर्विल ने अपनी भूमिका भली-भांति निभाई।

उर्विल पटेल ने 23 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली
शाहबाज की गेंद पर आवेश खान के हाथों लपके जाने से पहले उर्विल पटेल ने 23 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 282.61 का रहा। उनकी पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 9वें ओवर में ही 126 के स्कोर तक पहुंच गई। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करने के लिए आने वाले बल्लेबाजों के लिए बढ़िया प्लेटफॉर्म सेट कर दिया।
गौरतलब है कि उर्विल पटेल ने पिछले 2 मुकाबलों में भी तेज पारी खेली थी, लेकिन वह इसे बड़ी इनिंग में तब्दील नहीं कर पाए थे। फिफ्टी लगाने के बाद उर्विल पटेल ने जेब से एक पर्चा भी निकालकर दिखाया। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया कि पर्चे में क्या लिखा था।