logo

उत्तराखंड में धौनी अपने ही घर का रास्ता भूल गये, लोगों से गली का नाम पूछते नजर आये 

DHONI1.jpg

द फॉलोअप टीम 

उत्तराखंड में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी अपने ही घर का रास्ता भूल गये। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में धौनी अपने पैतृक गांव में लोगों से अपने घर का पता और गली के बारे में पूछते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। साथ ही इसमें धौनी कहते दिख रहे हैं कि वे पहले इसी रास्ते से घर आ चुके हैं। लेकिन लोग उनको बताते हैं कि आपके घर तक दूसरी गली का रास्ता जाता है। लोगों से पता पूछने के बाद धौनी दूसरी गली की ओऱ चल पड़ते हैं। इस दौरान वो फोन पर भी लगातार किसी से रास्ता के बारे में पूछते रहते हैं। 

अल्मोड़ा के लवाली में है पैतृक आवास 

गौरतलब है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी मूल रूप से उत्तराखंड राज्य के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले हैं। सालों पहले उनके पिता पान सिंह धौनी रोजगार की तलाश में झारखंड आये थे। एचईसी में नौकरी लगने के बाद परिवार यहीं, झारखंड में बस गया। लेकिन उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लवाली गांव में उनका पैतृक आवास आज भी आबाद है। यहां धौनी के चाचा अपने परिवार के साथ रहते हैं। धौनी उन्हीं के साथ समय बिताने लवाली गांव पहुंचे हैं। 

बेटी जीवा और पत्नी साक्षी के साथ पहुंचे गांव 
बता दें कि क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पहली बार अपने गांव में पहुंचे हैं। इससे उनके परिवार औऱ गांव में उत्साह का माहौल है। धौनी के साथ उनकी बेटी जीवा और पत्नी साक्षी रावत भी गांव पहुंचे हैं। गांव वालों ने अपने प्रिय पड़ोसी और क्रिकेट खिलाड़ी का गर्मजोशी से स्वागत किया। धौनी से मिलने आने वालों का तांता लगा रहा। धौनी ने साक्षी के साथ विवाह भी देहरादून में ही किया है। साक्षी भी उत्तराखंड की मूल निवासी है। खबर है कि धौनी ने पत्नी साक्षी और बेटी जीवा संग अपने इष्ट देव की पूजा की। धौनी के कुमायूं में 19 नवंबर तक रुकने की सूचना है।