सिल्ली
स्वर्गीय सुनील महतो स्टेडियम, सिल्ली में दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल टूर्नामेंट का आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त ऊर्जा देखने को मिली।
फाइनल मुकाबले में रामगढ़ की पवन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं उपविजेता गोंझू ब्रदर्स को 30,000 रुपये से सम्मानित किया गया। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली सरना यूनाइटेड और लोवादाग फुटबॉल क्लब को भी 11,000-11,000 रुपये की राशि प्रदान की गई।
.jpeg)
खेल विकास को लेकर विधायक की प्रतिबद्धता
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सिल्ली के विधायक अमित महतो ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्टेडियम का उपयोग खेल के विकास के लिए ही होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैदान खिलाड़ियों का है और खेल को आगे बढ़ाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद, सिल्ली पूर्वी की सदस्य लक्ष्मी कुमारी और थ्रो बॉल एसोसिएशन, झारखंड के अध्यक्ष वेदान्त कौस्तव मौजूद रहे। लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि खेल मैदान में खेल भावना सर्वोपरि होनी चाहिए और यह राजनीति से ऊपर का विषय है।
वेदान्त कौस्तव ने भी कहा कि इस मैदान में लगातार खेल आयोजन होते रहने चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ हमेशा खड़े रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस आयोजन को सफल बनाने में समीर ठाकुर और मजैन बेदिया समेत सैकड़ों युवाओं की अहम भूमिका रही। पूरे टूर्नामेंट ने क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह को नई ऊर्जा दी।
.jpeg)