logo

रांची में होंगे FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के मैच, भारत का पहला मुकाबला इस टीम से होगा

hockey_india_32.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची को FIH महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 की मेजबानी मिली है। 13 से 19 जनवरी 2024 तक मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम खिलाड़ियों से गुलजार रहेगा।  प्रतियोगिता में भारतीय टीम के अलावा 8 और अलग-अलग टीमें होगी। इस प्रतियोगिता में भारत की महिला टीम की पहली भिड़ंत 13 जनवरी को अमेरिका से होगी। वहीं टीम इंडिया में झारखंड की सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग को शामिल किया गया है। एक बार फिर से झारखंड की बेटियां अपने घरेलू मैदान पर खेल का जौहर दिखाएंगी। 


टीम इंडिया का दूसरा मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 
टीम इंडिया अपना दूसरा मैच 14 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी।16 जनवरी को टीम इंडिया का मुकाबला इटली से होगा। 13 से 19 जनवरी 2024 तक होने वाले इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा इटली, चीन,जापान,चेक रिपब्लिक, जर्मनी, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका शामिल हैं।  इस प्रतियोगिता से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली  तीन देशों की टीम जुलाई 2024 में होने वाली पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी। 
पेरिस ओलंपिक 2024 में जगह बनाने की भिड़ंत
पेरिस ओलंपिक 2024 में जगह बनाने के लिये भारतीय टीम इन दिनों आगामी प्रतियोगिता के लिए जमकर पसीना बहा रही है। आक्रामक खेल शैली के मशहूर भारत की शीर्ष मिडफील्डर सलीमा टेटे रांची में अपने घरेलू टर्फ पर खेलने के लिए उत्साहित हैं। सलीमा टेटे ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि‘‘रांची लौटना हमेशा एक घर वापसी जैसा लगता है। यह शहर मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है। यहीं पर हॉकी के प्रति मेरा प्यार विकसित हुआ और जहां मैंने अपने कौशल को निखारा। यहां प्रशंसकों का समर्थन और ऊर्जा जबरदस्त है। उनका उत्साह मैदान पर हमारे दृढ़ संकल्प को बढ़ावा देता है।


टीम इंडिया स्क्वाड
सविता पुनिया टीम की कप्तान होंगी।  सविता की कप्तानी वाली 22 सदस्यीय टीम में बिचू देवी खारीबाम,गुरजीत कौर ,निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी,अक्षता अबासो ढेकाले,निशा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, मोनिका, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, ज्योति और बलजीत कौर,ज्योति छत्री, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया, ब्यूटी डुंगडुंग और शर्मिला देवी हैं।