रांची
झारखंड दिव्यांग क्रिकेट टीम के पांच खिलाड़ी इंडियन पारा क्रिकेट प्रीमियर लीग कप 2025 में हिस्सा लेने के लिए तमिलनाडु के कोयंबटूर रवाना हुए। रवाना होने से पहले रांची रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग परिवर्तन फाउंडेशन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को फूलमालाओं से सम्मानित किया गया और उपहार भेंट किए गए। साथ ही फाउंडेशन की ओर से उनके लिए रेलवे पास की व्यवस्था भी की गई।

इस मौके पर दिव्यांग परिवर्तन फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि “लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन रांची के नदीम खान उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में युवा समाजसेवी समंद्र लाल उर्फ युवराज, विशेष शिक्षक पावेल कुमार, मोहम्मद साजिद, सरफराज, रंजीत कुमार, लहू बोलेगा संगठन से इंजीनियर शाहनवाज़ अब्बास, साज़िद उमर, मो. नवाब, झारखंड छात्र कल्याण परिषद के अध्यक्ष इक़बाल खान, सबरे आलम, अदनान शमीम और साज़िद अनवर शामिल थे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के निदेशक मो. अतहर अली ने किया।
मुख्य अतिथि नदीम खान ने कहा कि झारखंड राज्य के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का इंडियन पारा क्रिकेट प्रीमियर लीग में चयन होना गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

बता दें कि इंडियन पारा क्रिकेट प्रीमियर लीग कप 2025 का आयोजन तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित 22 यार्ड सर्णपति मैदान में 5 से 7 सितंबर तक होगा। यह टूर्नामेंट आईपीएल के तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है।
झारखंड से इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले पांच खिलाड़ियों में जामताड़ा से मदसर खान, रामगढ़ से दीपक कुमार यादव, बोकारो से राजेश कुमार, हजारीबाग से जतिन कुमार और साजिद अंसारी का नाम शामिल है।
