logo

ईशान भैया ने 6 जोड़ी जूते दिलाए, वरुण आरोन ने की मदद; IPL में छाए गोपालगंज के शाकिब ने याद किया संघर्ष

a487.jpg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

आईपीएल के मौजूदा सीजन में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले बिहार के गोपालगंज जिला के रहने वाले शाकिब हुसैन ने संघर्ष के दिनों को याद किया है। उन्होंने बताया कि उनको ईशान किशन ने 6 जोड़ी जूते दिलाए। शाकिब हुसैन ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वरुण आरोन ने उनकी खूब सहायता की। शाकिब हुसैन ने बताया कि उनके घर में खाने की दिक्कत थी, तो ऐसे में जूते कहां से लाते। उन्होंने बताया कि वह फुटपाथ पर मिलने वाले 200-300 रुपये के जूते खरीदते थे। हालांकि, सस्ते जूते जल्दी फट जाते थे तो मां ने गहने बेचकर महंगे जूते दिलाए। उन्होंने बताया कि बॉलिंग के लिए जरूरी जूता कम से कम 15 हजार रुपये का मिलता है।

डेब्यू मैच में ही 4 विकेट लेकर मचाई सनसनी
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू मैच में ही  शाकिब हुसैन ने 4 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। उन्होंने लगातार 10 मैच में विकेट लेने का कारनामा किया है। इस सीजन शाकिब हुसैन ने विराट कोहली को भी आउट किया है। शाकिब बताते हैं कि लोग उनसे कहते थे कि तुम्हारे जैसे लाखों खिलाड़ी हैं। तुम बड़े मैचों तक नहीं पहुंच पाओगे। 

कोलकाता नाइट राईडर्स में नहीं मिला था मौका
बिहार के गोपालगंज जिला के रहने वाले शाकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में डेब्यू किया है। उन्होंने डेब्यू मैच में ही 4 विकेट निकालकर सनसनी मचा दी। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मल्लांपुर में एलिमिनेटर मुकाबले में भी शाकिब ने अपनी गेंदबाजी से कप्तान पैट कमिंस को काफी प्रभावित किया। ऊंचे कद  के शाकिब हुसैन ने अपनी स्पीड, स्विंग, स्लोअर गेंद और गेंदबाजी में विविधता की बदौलत बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है। आज शाकिब का नाम भारतीय क्रिकेट  के उभरते सितारों की फेहरिश्त में शामिल हो गया है, लेकिन शुरुआत इतनी आसान नहीं थी। 

गोपालगंज के गरीब मुस्लिम परिवार में हुआ जन्म
गोपालगंज के एक गरीब मुस्लिम परिवार में जन्में शाकिब हुसैन इंडियन आर्मी में नौकरी करके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक करना चाहते थे, और जब इसी के लिए सुबह दौड़ने का अभ्यास करने जाते तो गांव के लड़के क्रिकेट खेलने का ऑफर देते। स्थानीय स्तर पर विभिन्न गांवों में मैच खेलने जाने पर शाकिब हुसैन को प्रतिदिन 300 रुपये का मेहनताना मिलता था। बाद में कोच रोबिन सिंह, पूर्व क्रिकेटर वरुण आरोन और ईशान किशन ने उनकी खूब सहायता की। जिसका जिक्र हालिया इंटरव्यू में शाकिब हुसैन ने किया है।

शाकिब हुसैन कहते हैं कि गांव में कहा जाता था कि तुम्हारे  जैसे लाखों खिलाड़ी हैं,  तुम बड़े मैचों तक नहीं पहुंच पाओगे। उन्होंने कहा कि यकीन नहीं था कि इंडियन प्रीमियर लीग में खेल पाएंगे, लेकिन कभी मेहनत करना नहीं छोड़ा और नतीजा सबके सामने है। 


 

Tags - Shakib HussainIshan KishanVarun AronIPL 2026Cricket News