रांची
रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में विमेंस HIL का फाइनल ओडिशा वॉरियर्स और सूरमा हॉकी क्लब के बीच खेला गया। ओड़िशा वॉरियर्स ने सूरमा हॉकी क्लब को हराकर 2-1 से जीत दर्ज की। गिरते पारा के बीच दर्शकों का जोश चरम पर जा रहा था। जैसे जैसे मैच का रोमांच बढ़ता जा रहा था, दर्शकों का जोश और शोर आसमान छू रहा था।
रंग-बिरंगी रौशनियों से जगमगाता रहा स्टेडियम
रांची के इस मैदान में नीली और नारंगी रंग की जर्सी में दोनों टीमें अपना मैच खेल रही थी। नीली और नारंगी रंग की जर्सी के अलावा मैदान रंग बिरंगी रौशनी से भरा हुआ था। बड़ी संख्या में दर्शक इस दौरान दोनों टीमों को चीयर कर रहे थे। खिलाड़ियों पर दर्शकों के उत्साह का असर भी पड़ रहा था। लोग अपनी टीम को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित कर रहे थे।
बड़ी संख्या में गुमला, सिमडेगा, रामगढ़ से पहुंचे दर्शक
हॉकी मैच का आनंद लेने बड़ी संख्या में रांची के अलावा गुमला, सिमडेगा से खेल प्रेमी पहुंचे थे। मैच देखने सिमडेगा और गुमला से कई जूनियर खिलाड़ी भी पहुंचे थे। बता दें कि सभी 4 बजे से ही स्टेडियम में अपनी जगह पक्की कर चुके थे। स्टेडियम के बाहर मैच का प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया जा रहा था। मैदान के हर कोने में लगे एलईडी स्क्रीन पर मैच चल रहा था। बड़ी संख्या में दर्शकों ने एलईडी स्क्रीन पर भी मैच का आनंद लिया। मोरहाबादी मैदान में हर दिन समान्य लोगों के लिए मैच का प्रसारण किया जा रहा है। बता दें कि स्टेडियम के बाहर मैदान में लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर मैच का आनंद ले रहे थे।