logo

JSCA में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकट को लेकर आया अपडेट, इस दिन से शुरू होगी बिक्री

JSCA में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकट को लेकर आया अपडेट, इस दिन से शुरू होगी बिक्री

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में अभी से उत्साह है। दर्शकों को करीब साढ़े तीन साल का इंतजार करना पड़ा है। रांची में आखिरी टी-20 इंटरनेशनल 27 जनवरी 2023 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रन से हराया था।


 

5 या 6 अक्टूबर से टिकट बिक्री की संभावना
टिकटों की बिक्री को लेकर जेएससीए की तैयारियां चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, 5 या 6 अक्टूबर से टिकटों की बिक्री शुरू हो सकती है। हालांकि, जेएससीए की ओर से अभी टिकट बिक्री की अंतिम तारीख और कीमतों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद टिकट बिक्री की तारीख और इससे जुड़ी अन्य जानकारी जारी की जाएगी। जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी के अनुसार, दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में छह टिकट काउंटर बनाए जाएंगे। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी दर्शकों को मिल सकती है।


 

500 से 1000 रुपये से शुरू हो सकती है टिकट की कीमत
मैच के टिकट की अलग-अलग कैटेगरी की कीमतों को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक टिकट की शुरुआती कीमत करीब 500 से 1000 रुपये के बीच हो सकती है। टिकटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेएससीए की ओर से आधिकारिक कीमतों की घोषणा की जाएगी। करीब साढ़े तीन साल बाद रांची में टीम इंडिया का टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला होने जा रहा है, ऐसे में टिकट बिक्री शुरू होने का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार है।

Tags - India West Indies T20 Ranchi Cricket JSCA Stadium T20 Match Cricket Ticket