धनबाद
उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित आरवाईपी नेशनल रैंकिंग पिकलबॉल टूर्नामेंट में झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। झारखंड पिकल बॉल के उपाध्यक्ष बी सुधीर ने शनिवार को जानकारी दी कि प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 पदक हासिल किए। 30 प्लस मेंस सिंगल्स में धनबाद के चंद्रदेव प्रजापति ने ओडिशा के राजेश को 15-7 के बड़े अंतर से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
वहीं, 19 प्लस मेंस सिंगल्स ओपन कैटेगरी में झारखंड के सोनू कुमार ने महाराष्ट्र के कुलदीप महाजन को हराकर शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही दीपक कुमार ने भी जोरदार खेल दिखाते हुए सानिश पाटिल को 11-10 से हराकर थर्ड पोजिशन प्राप्त की।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर झारखंड पिकलबॉल संघ के सचिव प्रभात कुमार ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनकी यह जीत झारखंड के लिए गर्व का पल है और इससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
संघ के उपाध्यक्ष बी सुधीर ने कहा इनकी मेहनत और सफलता से झारखंड में पिकलबॉल का भविष्य उज्जवल नजर आ रहा है। झारखंड के सीनियर खिलाड़ी गौरव कुमार ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा हर खिलाड़ी को मेहनत जारी रखनी चाहिए। जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
इस शानदार प्रदर्शन से झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। यह उपलब्धि राज्य में पिकलबॉल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकेत देती है।