द फॉलोअप डेस्क
प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में झारखंड की महिला और हॉकी टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। महिला हॉकी टीम ने मिजोरम की टीम से पेनाल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। जबकि, झारखंड की पुरुष हॉकी टीम ने ओडिशा की टीम को 3-1 से हराया। मालूम हो कि एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम एवं बिरसा कॉलेज, खूंटी में 19 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर भारत के 6 (छह) राज्यों की महिला/पुरुष टीम ने भाग लिया। दिलचस्प बात यह रही कि जिस खूंटी जिला में इस टूर्नामेंट का आयोजन हुआ झारखंड पुरुष व महिला टीम के कप्तान वहीं के खिलाड़ी हैं। इधर, फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अनुपमा होरो व दीपक सोरिंग को मिला।

प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिलेगा बढ़ावा- मंत्री हफीजुल
पर्यटन, कला संस्कृति, खेल एवं युवा मामले विभाग के मंत्री हफीजुल हसन ने प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य में खेल के प्रति जागरूकता लाने के लिए व पर्यटन के प्रोत्साहन के लिए भी उचित प्रयास किए गए हैं। झारखंड की दो बेटियां ओलंपियन निक्की प्रधान और सलीमा टेटे की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि झारखंड समेत पूरे देशवासियों को इनपर गर्व है। इन दोनों बेटियों ने सीमित संसाधनों के बीच अपना मुकाम बनाया है, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसी प्रकार हमें आशा है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य औऱ देश का नाम रौशन करेंगे।

डीसी ने खिलाड़ियों को दी बधाई
खूंटी डीसी शशि रंजन ने जिले में हॉकी चैंपियनशिप के आयोजन को स्वर्णिम अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक समन्वय से यह आयोजन खूंटी जिले में सफल हुआ है। झारखंड पुरुष एवं महिला टीम के कप्तान खूंटी जिले के खिलाड़ी हैं। ये हम सभी के लिए हर्ष की बात है। धरती आबा की शौर्य भूमि और महान हॉकी खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी की पावन भूमि खूंटी में ये आयोजन और उत्साह से परिपूर्ण ये वातावरण हम सभी को गौरवान्वित करता है। उन्होंने कहा कि खूंटी का ब्लू एस्ट्रो टर्फ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है। हमारा प्रयास है कि इसी प्रकार सभी प्रखंड में एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाए जाएंगे। इससे हमारे स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलेंगे और विश्व पटल पर वो अपनी पहचान बनायेंगे। हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने वली सभी राज्यों की टीमें ऊर्जावान हैं। इसी प्रकार दृढ़ संकल्प के साथ बढ़कर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। मौके पर खूंटी एसपी, डीडीसी, एसडीओ, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, हॉकी झारखंड के CEO रजनीश कुमार, हॉकी खूंटी के अध्यक्ष अशोक भगत, दसरथ महतो और अन्य विशेष रूप से शामिल हुए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT