द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड की बेटी आशा किरण बारला ने महाराष्ट्र में आयोजित स्कूल नेशनल अंडर 19 के 800 मी. की दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। आशा ने स्पर्धा में ए.मेरी. मेनुल के द्वारा 2017 मे राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में बनाए गए 2:08.53 सेकेंड के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 2:06.10 सेकेंड में जीत दर्ज की। बता दें कि स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया महाराष्ट्र सरकार द्वारा चंद्रपुर शहर में 28 से 30 दिसंबर तक 67वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर 19 वर्ग एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया था।
आशा को मुख्यमंत्री ने दी बधाई
आशा के स्वर्ण पदक जीतने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव रवि कुमार, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी बादल राज, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ मधुकांत पाठक, सचिव सी.डी. सिंह, खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा कोषांग के सभी शिक्षकों ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दी है।
