रांची
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को राजधानी रांची के बिरसा चौक, स्टेशन रोड स्थित ‘आश्री बैडमिंटन कोर्ट’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव भी मौजूद रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस अत्याधुनिक कोर्ट का शुभारंभ किया।
धोनी ने उद्घाटन के बाद कहा कि इस तरह की सुविधाएं रांची जैसे शहरों में बैडमिंटन जैसे खेलों को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा, “यहां अब आम लोग भी बेहतर माहौल में प्रशिक्षण ले सकेंगे। संभव है कि मैं भी कभी-कभी अभ्यास के लिए यहां आ जाऊं।”
JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि यह कोर्ट सभी आधुनिक उपकरणों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस है, जहां खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग मिलेगी। वहीं, कोर्ट के संचालक मंजुल केरकेट्टा ने जानकारी दी कि यहां दो पुरुष और दो महिला कोच प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किए गए हैं—राकेश कुमार, सुषमा केरकेट्टा, सिद्धार्थ केरकेट्टा और अभिषेक केरकेट्टा।

खुला रहेगा सुबह-शाम, सदस्यता भी उपलब्ध
आश्री बैडमिंटन कोर्ट हर दिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक और शाम को 5 बजे से रात 10 बजे तक खिलाड़ियों के लिए खुला रहेगा। इच्छुक लोग संपर्क कर सदस्यता और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
धोनी की मौजूदगी और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा के शुभारंभ ने रांची के बैडमिंटन खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को नई उम्मीद दी है। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खेल जगत से जुड़े लोग शामिल रहे।
