logo

नीरज चोपड़ा को सिल्वर से ही करना पड़ा संतोष, पाकिस्तान के अरशद को गोल्ड

लााीोर.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। गुरुवार को खेले गए पुरुषों के जेवलिन थ्रो फाइनल में भारतीय स्टार ने अपने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर थ्रो किया और सिल्वर मेडल पर अपना कब्जा जमाया। वहीं, के अरशद नदीम ने भारत के गोल्डन बॉय के सपने को तोड़ते हुए 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता। नीरज चोपड़ा की मुकाबले में शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह अपने पहले प्रयास में ही फाउल थ्रो कर बैठे। नीरज पूरी स्पर्धा के दौरान दबाव में दिखे और उन्होंने 6 प्रयासों में से 5 फाउल थ्रो किए। नीरज खुद से काफी निराश नजर आए। 

निराश दिखे नीरज
टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर की दूरी तय की, जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अपने इसी दूसरे थ्रो के कारण चोपड़ा ने स्पर्धा में दूसरे स्थान पर समाप्त किया, और सिल्वर मेडल पर अपना कब्जा जमाया। 26 वर्षीय नीरज चोपड़ा पूरी स्पर्धा के दौरान रंग में नजर नहीं आए। नीरज खुद से काफी निराश दिख। 


इवेंट के बाद क्या बोले नीरज?
पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा का मानना है कि उनकी फिटनेस और तकनीक में सुधार की गुंजाइश है। गुरुवार को पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता में उन्होंने अपने करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो तो किया, लेकिन गोल्ड मेडल नहीं जीत सके। प्रतियोगिता के बाद नीरज ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा, 'अच्छा थ्रो था लेकिन मैं आज अपने प्रदर्शन से उतना खुश नहीं हूं। मेरी तकनीक और रनवे उतने अच्छे नहीं थे। मैंने केवल एक थ्रो किया, बाकी को मैंने फाउल कर दिया।'

पीएम ने दी बधाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, "नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का साकार रूप हैं. बार-बार उन्होंने अपनी श्रेष्ठता की बानगी दी है। भारत बेहद ही खुश है कि वह एक बार फिर से ओलंपिक पदक के साथ लौट रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "सिल्वर जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले असंख्य एथलीटों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे." पीएम मोदी ने अपने इस पोस्ट के साथ नीरज की तस्वीर भी शेयर की है।