logo

मंत्री इरफ़ान अंसारी से पैरा-एथलीट अनम हैदर ने की मुलाकात, खेल सम्मान और रोजगार पर हुई चर्चा

IRFAN0120.jpg

देवघर/मधुपुर  
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके पैरा-एथलीट अनम हैदर ने झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अनम हैदर ने अपनी खेल उपलब्धियों के साथ-साथ “खेल सम्मान”, रोजगार और दिव्यांग खिलाड़ियों के कल्याण से जुड़े अहम मुद्दों को मंत्री के सामने रखा। मुलाकात के दौरान मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने अनम की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अनम हैदर की समस्याओं और मांगों को झारखंड के मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और खेल सम्मान व रोजगार से जुड़े मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।


देवघर जिले से ताल्लुक रखने वाले अनम हैदर पैरा-एथलेटिक्स और समावेशी खेलों की एक प्रेरणादायक पहचान बन चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक रीजनल गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया था।
इसके अलावा अनम ने राष्ट्रीय पैरा-एथलेटिक्स चैंपियनशिप (सेरेब्रल पाल्सी/ऑटिज़्म वर्ग) में 100 मीटर, 200 मीटर और डिस्कस थ्रो जैसी कई स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें भीम अवार्ड (2016), भीम पुरस्कार – दिव्यांग वर्ग, करण सम्मान, उत्कृष्ट सेवा सम्मान और खेल बहादुरी पदक (अभिमन्यु मेडल) जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है।


मुलाकात के बाद अनम हैदर ने कहा कि उनका सपना सिर्फ अपने लिए नौकरी पाना नहीं है, बल्कि झारखंड के हर दिव्यांग खिलाड़ी के लिए सम्मान, संसाधन और अवसरों की राह आसान करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि मंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
अनम हैदर और मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी की यह मुलाकात झारखंड में दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण और खेल नीति में समावेशी सुधारों की दिशा में एक नई उम्मीद के रूप में देखी जा रही है। खेल जगत, दिव्यांग समुदाय और सामाजिक संगठनों ने मंत्री के आश्वासन का स्वागत करते हुए इसे राज्य में दिव्यांग खेल विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया है।


 

Tags - Para Athlete Jharkhand Sports Honor Employment Disability Welfare