डेस्क:
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (Commonwealth Games 2022) का आगाज आज बर्मिंघम (Birmingham) में होगा। भारतीय समयनुसार आज रात 11.30 बजे उद्घाटन समारोह शुरू होगा। इस समारोह में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (PV Sindhu) को भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया है। इसकी घोषणा भारतीय ओलिंपिक संघ (Indian Olympic Association) ने बुधवार को की। बता दें कि ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) को ध्वजवाहक बनाने की उम्मीद थी लेकिन विश्व चैम्पियनशिप में लगी 'ग्रोइन' चोट के कारण उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों से हटने के लिये बाध्य होना पड़ा।

भारत के 213 खिलाड़ी
बता दें कि 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक हो रहा है। भारत के 213 खिलाड़ी इसमें शामिल होंगे। पहले 215 एथलीट इसमें हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा चोटिल हो गए और ट्रिपल जंप में नेशनल रिकॉर्ड धारक ऐश्वर्या बाबू डोप टेस्ट में फेल हो गईं।
भारत में कैसे देखे
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क (Sony TV) पर देखा जा सकेगा। भारतीय दर्शक खेल का लाइव ब्रॉडकास्ट Sony TEN 1, Sony TEN 2, Sony TEN 3, Sony SIX और Sony TEN 4 चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा कामनवेल्थ खेलों की लाइव स्ट्रीमिंग Sony Liv पर उपलब्ध होगी। वहीं, Sony Liv पर खेलों की लाइव कमेंट्री के अलावा मेडल टैली और बाकी अपडेट मौजूद रहेंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स क्या हैं?
कॉमनवेल्थ गेम्स यानी राष्ट्रमंडल खेल एक अंतरराष्ट्रीय खेल समारोह है जो हर 4 साल में आयोजित किया जाता है। कॉमनवेल्थ गेम्स को अपना नाम कॉमनवेल्थ नेशंस से मिला है। ब्रिटिश राज के अधीन आने वाले देशों के बीच खेलों की शुरुआत की गई थी। अब ये ओलंपिक, एशियन गेम्स के बाद तीसरा सबसे बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट हैं। पहला कॉमनवेल्थ गेम्स 1930 में कनाडा के शहर हैमिलटन में हुआ था। उस वक्त इसे ब्रिटिश एंपायर गेम्स के नाम से जाना जाता था।