रांची
रांची स्थित रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर में आज 11वें पद्म डॉ. रामदयाल मुंडा चैलेंज ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन 23 अगस्त 2025 को बड़े उत्साह के साथ हुआ था और आज के फाइनल मुकाबले में हाटू कोड़ा सतयारी टोली ने मामा स्पोर्टिंग रातू को 3-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन के अवसर पर विजेता टीम एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “फुटबॉल झारखंड की धरती की पहचान है और ऐसे आयोजन युवाओं को न केवल खेल भावना से जोड़ते हैं, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करते हैं।”

सुधारते हुए महतो ने यह भी कहा कि उद्घाटन समारोह में भी वह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे और उन्होंने इस परंपरा को जारी रखने के संकल्प के साथ कहा था कि आने वाले वर्षों में इस टूर्नामेंट को और भी व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम पिछले कई वर्षों से इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का साक्षी रहा है। यह प्रतियोगिता निरंतर खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर रही है और ग्रामीण एवं शहरी स्तर के फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रही है।
