द फॉलोअप डेस्क:
पूर्व क्रिकेटर और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि रोहित शर्मा को अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप तक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया का कप्तान होना चाहिए। रोहित शर्मा को एक बेहतरीन लीडर बताते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि उन्होंने एकदिवसीय विश्व कप में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है। उनको शॉर्टेस्ट फॉर्मेट में भी इंडिया की अगुवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि दक्षिम अफ्रीका के खिलाफ 10 दिसंबर से शुरू हो रही तीनों फॉर्मेट की द्विपक्षीय सीरीज में अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए गए हैं। दरअसल, रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे और टी20 सीरीज के लिए अनुपलब्ध हैं। वनडे में केएल राहुल और टी20 में सूर्यकुमार यादव कप्तान हैं।
#WATCH | Former cricketer Sourav Ganguly says, "... Rohit Sharma should be the captain of India because he's done so well in the World Cup. He's a leader. So I expect, and I presume that he will continue as captain till the T20 World Cup." pic.twitter.com/ydXoXJenSK
— ANI (@ANI) December 1, 2023
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज
कोलकाता में एक कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए जाने पर सौरव गांगुली ने कहा कि दरअसल, इस सीरीज के लिए कुछ खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हैं। शायद इसलिए बीसीसीआई को ऐसा फैसला लेना पड़ा है। सौरव गांगुली ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ही टीम इंडिया के कप्तान होंगे। बता दें कि इससे पहले कई और पूर्व क्रिकेटर भी रोहित शर्मा और विराट कोहली के टी20 वर्ल्ड कप में शामिल होने की वकालत कर चुके हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने भी कहा कि कैरेबियाई पिच पर दोनों के पास काफी अनुभव है।

1 साल से टी20 मुकाबले नहीं खेले रोहित-विराट
दरअसल, पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इस फॉर्मेट का कोई मैच नहीं खेला है। इस फॉर्मेट में दोनों ही खिलाड़ियों का भविष्य अनिश्चित माना जा रहा है। कहा तो यह भी गया कि रोहित शर्मा ने टी20 फॉर्मेट में खेलने के प्रति अनिच्छा जता दी थी। इस बीच रिपोर्ट आई कि बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप तक इस फॉर्मेट में खेलने के लिए मना लिया है। विराट कोहली से भी आग्रह किया गया है।

गौतम गंभीर ने भी रोहित-विराट की वकालत की
पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भी कह चुके हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा को टीम की अगुवाई करनी चाहिए। गौतम गंभीर ने कहा कि रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्ड कप में जिस तरह की लीडरशिप दिखाई है, उसे देखते हुए टी20 विश्व कप में भी उनको कमान सौंपनी चाहिए। गौतम गंभीर ने कहा कि विराट कोहली भी चयनकर्ताओं की स्वाभाविक पसंद होने चाहिए। टीम के लिए अच्छा रहेगा।