द फॉलोअप डेस्कः
एशिया कप-2023 का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच कुछ देर में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया है। श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने चोटिल महीश तीक्षणा की जगह दुशन हेमंथा को खिलाया है, जबकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चोट के कारण बाहर हुए अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया है। फिलहाल कोलंबो का मौसम साफ है। पूर्वानुमान में रविवार को यहां बारिश की 90 फीसदी आशंका जताई जा रही थी। फाइनल मैच आज बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने एक रिजर्व-डे (सोमवार, 18 सितंबर) रखा है। यदि रिजर्व डे पर भी बारिश होती है, तो भारत और श्रीलंका दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। दोनों टीमें एशिया कप के वनडे फॉर्मेट के फाइनल में 8वीं बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए 7 फाइनल में से 4 भारत ने जीते, जबकि 3 में श्रीलंका को सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: दसुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असालंका, धनंजय डी सिल्वा, दुनिथ वेल्लालागे, दुशन हेमंथा, मथीश पथिराना और कसुन रजिथा।
हेड टु हेड
ओवरऑल भारत और श्रीलंका के बीच 166 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। भारत ने 97 और श्रीलंका ने 57 मैचों में जीत हासिल की है। 11 मैच नो रिजल्ट और एक मैच टाई रहा है।