रांची
हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया कप पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने न केवल चौथी बार एशिया कप का ताज अपने नाम किया, बल्कि 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
टीम इंडिया की इस जीत ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। फाइनल में जिस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया पर दबदबा बनाया, उसने इस खिताब को और भी खास बना दिया।

जीत के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा-
“शानदार #TeamIndia! एशिया कप हॉकी के फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब जीतने वाली टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।”
गौरतलब है कि हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक किया गया, जिसमें भारत के अलावा चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें शामिल हुईं।