द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
वूमेन एशिया कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत औऱ बांग्लादेश के बीच खेला जायेगा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से यह मैच होगा। टीम इंडिया ने लीग स्टेज में अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। भारतीय टीम ने थाईलैंड, हांगकांग (चीन) और पाकिस्तान को हराया है। एशिया कप में भारत और बांग्लादेश के बीच आज से पहले 6 बार भिडंत हुई है, जिनमें 4 मुकाबले टीम इंडिया ने जीते हैं। बांग्लादेश, उलटफेर करने में माहिर है और एशिया कप के 2018 वाले संस्करण में भारत को हराकर पहली बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। इसी संस्करण के लीग स्टेज में भी बांग्लादेश ने भारतीय टीम को हराया था।

बांग्लादेश के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
भारतीय टीम ने एशिया कप में बांग्लादेश को साल 2012 में 5 विकेट से हराया जबकि 2016 में 64 रन से मात दी। 2022 में भी भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 59 रन से हराया जबकि 2024 के सेमीफाइनल में 10 विकेट के बड़े अंतर से हराया था। भारतीय टीम इस समय काफी मजबूत स्थिति में है। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत जबर्दस्त फॉर्म में है जबकि स्पिन गेंदबाजी ने विरोधी टीम की बैटर्स को पिच पर टिकने नहीं दिया है। टीम इंडिया ने तो पाकिस्तान को महज 55 रन पर ऑलआउट कर दिया था।
.jpeg)
भारतीय मध्यक्रम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
सेमीफाइनल मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा से फिर से तेज और बड़ी शुरुआत की उम्मीद होगी। कप्तान हरमनप्रीत से भी पिछले मैच की तरह एक अच्छी और जिम्मेदार पारी की आशा होगी। प्रतीका रावल और ऋचा घोष ने अभी तक बल्ले से वैसा योगदान नहीं दिया है, जिस तरह की उनसे अपेक्षा की जाती है। टीम इंडिया इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार होगी।