logo

विमेन एशियन हॉकी चैंपियनशिप  : कोरिया को हराकर फाइनल का टिकट पक्का करने आज मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया

hockey_women.jpg

द फॉलोअप डेस्क
विमेन एशियन हॉकी चैंपियनशिप में आज भारतीय टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। टीम इंडिया आज चौथे नंबर की टीम कोरिया से भिड़ेगी। खिताब से अब भारतीय टीम केवल दो कदम दूर है। प्रतियोगिता में अब तक अजेय रही भारतीय टीम कोरिया के खिलाफ आत्मविश्वास और मानसिक बढ़त के साथ मैदान पर उतरेगी। बता दें कि लीग चरण में भारत ने कोरिया को 5-0 से हराया है इसलिए खिलाड़ियों को मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल है। मैच रात 8.30 बजे से मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में खेला जाएगा। 


अजेय रही भारतीय टीम
गौरतलब है कि विमेन एशियन हॉकी चैंपियनशिप में सविता पुनिया की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 15 अंक लेकर अंकतालिका में नंबर वन पर रहकर टीम ने ग्रुप चरण में अपने अभियान को समाप्त कर लिया है।टीम के अबतक की सफर की बात करें तो टीम ने अबतक कुल 5 मैच खेले हैं और सभी मैच में जीत हासिल की। टीम ने 27 अक्टूबर को अपना पहला मुकाबला थाईलैंड के खिलाफ खेला था। जिसमें भारत ने थाईलैंड को 7-1 से मात दी थी और इस चैंपियनशिप की शुरुआत शानदार जीत के साथ की थी। वहीं दूसरे मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 5-0 से हराया था। तीसरे मुकाबले में भारत का सामना चीन से हुआ था जिसमें टीम इंडिया ने चीन को 2-1 से मात दी थी। बता दें कि एशियन गेम्स में भारतीय टीम को चीन के हाथों सेमीफाइनल मुकाबला गंवाना पड़ा था लेकिन यहां रांची में इसका हिसाब चुकता कर दिया। वहीं चौथे मुकाबले में भारत ने  जापान को 2-1 से हराया था। 2 नवंबर को हुए लीग मैच में भारत ने कोरिया को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी। टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। 


लोकल गर्ल सलीमा टेटे और संगीता ने दिखाई प्रतिभा
बता दें कि घरेलू मैदान पर खेल रही टीम इंडिया की अब तक की जीत में लोकल गर्ल सलीमा टेटे और संगीता कुमारी का शानदार प्रदर्शन जारी है। ये दोनों खिलाड़ी टूर्नामेंट की टॉप स्कोर में शामिल हैं। संगीता जहां 5 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं सलीमा टेटे 4 गोल के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।  भारत की ओर से इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा, वंदना कटारिया, ज्योति कुमारी, लालरेम्सियामी, मोनिका कुमारी, नेहा और नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम की खिलाड़ी न केवल एकजुट दिखी हैं बल्कि मैच के दौरान मानसिक मजबूती का भी परिचय दिया है।


ये टीमें हुई सेमीफाइन के लिए क्वालीफाई
बता दें कि टूर्नामेंट में एशिया के 6 टीमों ने भाग लिया है। इनमें भारत के अलावा इसमें गत विजेता जापान, उपविजेता कोरिया, चीन,थाईलैंड और मलेशिया की टीमें ने हिस्सा लिया है। लीग चरण के समाप्त होने के बाद अंकतालिका की टॉप-4 टीमें मलेशिया, थाईलैंड,कोरिया और भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं पांचवें स्थान के लिए मलेशिया और थाईलैंड की टीम के बीच एक बार फिर मुकाबला होगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N