रांची
थ्रो बॉल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल हासिल कर मलेशिया से झारखंड के खिलाड़ी 28 नवंबर को सुबह रांची पहुंचेंगे। इसमें महिला और पुरुष और दोनों टीमों के सदस्य खिलाड़ी शामिल हैं। खबर के मुताबिक खिलाड़ी मंगलवार को सुबह 8 बजे रांची रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। इससे झारखंड के थ्रो बॉल खिलाड़ियों के साथ ही वापसी करने वाले टीम सदस्यों के परिजनों में उत्साह का माहौल है। खबर है कि रांची रेलवे स्टेशन पर संबंधित अधिकारियों का एक दल स्वदेश वापसी करने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करेगा।

इस अंतर से जीतीं दोनों टीमें
बता दें कि पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारत के खिलाड़ियों ने गोल्ड पदक हासिल किया है। मलेशिया में हुए इस पारा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भारत की महिला टीम ने मलेशिया को 25– 20, 25–24, 25–25, 25–15 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है। वहीं, पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। प्रतियोगिता में झारखंड के पुरुष दल में मुकेश कंचन, सनोज महतो शामिल थे। महिला वर्ग ने 25–18, 25–20 ,25– 23, 25–16 अंकों से विपक्षी टीम को हराया है। महिला टीम में झारखंड से महिमा उरांव असुंता टोप्पो शामिल थीं।
