द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड में राशन होल्डर्स के लिए जरूरी खबर, राज्य में चार लाख से ज्यादा निष्क्रिय राशन कार्डों को सस्पेंड किया गया है। इसके साथ ही पात्र लाभुकों की पहचान और PDS व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सत्यापन अभियान शुरू किया गया है।इस अभियान में डुप्लीकेट और एक से ज्यादा जगह दर्ज लाभुकों की पहचान आधार आधारित मिलान से की जा रही है। वहीं, जिन कार्डों से लंबे समय से राशन का उठाव नहीं हुआ है, उनकी भी जांच की जा रही है।सरकार 1 अक्तूबर से स्मार्ट PDS व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है।

ऐसे कराएं निष्क्रिय कार्डों को दुबारा सक्रिय
इसके तहत छह महीने तक राशन नहीं लेने वाले कार्डों को निष्क्रिय किया जा सकता है। हालांकि, सस्पेंड कार्डधारी ई-केवाईसी और जरूरी सत्यापन पूरा कराकर कार्ड दोबारा सक्रिय करा सकते हैं। इसके लिए नजदीकी राशन दुकान पर संपर्क किया जा सकता है।लाभुक अपने राशन कार्ड की स्थिति, नाम, आधार और दूसरी जानकारियां जरूर जांच लें। निष्क्रिय कार्डों को दोबारा सक्रिय कराने के लिए करीब तीन महीने का समय दिया जा रहा है। तय समय में सत्यापन नहीं कराने पर कार्ड स्थायी रूप से रद्द हो सकता है।झारखंड में करीब 60लाख 20 हजार राशन कार्ड हैं, जिनसे लगभग 2 करोड़ 63 लाख लाभुक जुड़े हैं। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए 1800-212-5512 या 1967 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।