द फॉलोअप डेस्क
दरभंगा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दरभंगा के बाल सुधार गृह से 12 बाल कैदी फरार हो गए है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बाल कैदी ड्यूटी पर तैनात गार्ड पर हमला कर दीवार फांदकर फरार हो गए। इस दौरान बाहर मौजूद खड़े कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।.jpeg)
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे बाल सुधार गृह में तैनात सुरक्षा गार्डों पर बच्चों ने डंडों और ईंटों से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद मौका पाकर 12 बच्चे पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले। मामले की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि फरार बच्चों में से 5 को पुलिस ने पकड़कर वापस बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि शेष 7 बच्चों की तलाश अब भी जारी है।
दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि “बाल सुधार गृह से कुल 12 बच्चे फरार हुए थे। पुलिस टीमों ने अब तक 5 बच्चों को पकड़ लिया है। बाकी फराार बच्चों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।सभी थानों को अलर्ट किया गया है।”
वहीं इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने नाकेबंदी कर खोजबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से कमजोर थी। कई बार अंदर अनुशासनहीनता और कर्मियों की लापरवाही की शिकायतें सामने आती रही हैं।