नई दिल्ली
New Delhi News: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा। मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने रैली आयोजित की है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे। रैली में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। मैदान में तिरंगे के साथ कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के झंडे लहराते नजर आए।

मंच पर दिखे राहुल गांधी, अखिलेश और प्रियंका गांधी
एएनआई की ओर से जारी वीडियो में राहुल गांधी सफेद टी-शर्ट पहने मंच पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके पास समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लाल स्कार्फ पहने नजर आए। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा भी मंच पर मौजूद रहीं। इनके अलावा INDIA ब्लॉक के कई अन्य नेता भी रैली में शामिल हुए। मंच के सामने समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। लोग हाथों में अलग-अलग राजनीतिक दलों के झंडे और बैनर लेकर पहुंचे थे। इस दौरान मंच से नेताओं के भाषण भी हुए।

SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल
रैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) रहा। INDIA ब्लॉक के नेताओं ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके कारण बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची में सुधार के नाम पर वास्तविक मतदाताओं के मतदान के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
रैली के दौरान विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विरोध जताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं। रामलीला मैदान में आयोजित इस रैली के जरिए INDIA ब्लॉक ने SIR के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।