logo

पाकुड़ में आवारा पशुओं का आतंक, बस स्टैंड के पास टोटो पर कूदा सांड; बाल-बाल बची जान

पाकुड़ में आवारा पशुओं का आतंक, बस स्टैंड के पास टोटो पर कूदा सांड; बाल-बाल बची जान

पाकुड़
Pakur News:
पाकुड़ जिले में शहर के मुख्य चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशु इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इन पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

बस स्टैंड के पास टोटो पर कूदा सांड
ताजा मामला पाकुड़ बस स्टैंड के समीप मुख्य सड़क का है, जहां एक आवारा सांड अचानक खड़ी टोटो (ई-रिक्शा) पर कूद गया। इस दौरान सांड टोटो में बुरी तरह फंस गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त टोटो में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया सांड
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सांड को टोटो से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या और उससे उत्पन्न दुर्घटनाओं के खतरे को उजागर कर दिया है।

प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों में तो सक्रियता दिखाता है, लेकिन सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशुओं और उनके मालिकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?

आवारा पशुओं को हटाने की मांग
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों से आवारा पशुओं को जल्द हटाया जाए। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले पशु मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
 

Tags - Pakur NewsStray BullJharkhand NewsToto AccidentStray Animals