पटना
पटना जिले के सरकारी स्कूलों में बंद पड़े आधार सेवा केंद्रों को एक बार फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे खासतौर पर स्कूली छात्रों और उनके अभिभावकों को आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार कराने में आसानी होगी। लंबे समय से आधार केंद्र बंद रहने के कारण लोगों को निजी केंद्रों या दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ रहा था।
जिला स्तर पर हर प्रखंड के दो-दो सरकारी स्कूलों को आधार सेवा केंद्र के लिए चिह्नित किया गया है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले इन केंद्रों को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्कूलों में बिजली, कमरा और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया गया है कि एक महीने के भीतर एजेंसी का चयन किया जाएगा और उसके बाद UIDAI से जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लगभग 60 दिनों में आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिए जाएंगे। इन केंद्रों पर बच्चों का नया आधार पंजीकरण, अपडेट और सत्यापन किया जा सकेगा।
पिछले वर्ष भी स्कूलों में आधार केंद्र खोले गए थे, लेकिन भुगतान और संचालन से जुड़ी समस्याओं के कारण उन्हें बंद करना पड़ा था। इस बार व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है ताकि छात्रों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
