logo

दरभंगा में स्कूल बस की टूटी गेट बनी काल, चलती बस से गिरकर छात्र की गई जान

बस_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल बस से गिरकर एक मासूम छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दरभंगा जिले के लोआम गांव का है। जिसने स्कूल प्रबंधन और डग्गामार वाहन व्यवस्था की बड़ी लापरवाही को उजागर करके रख दिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है, वहीं इस मामले पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मृत छात्र की पहचान मो. चमन के पुत्र मो. समर के रूप में की गई है, जो अमन एकेडमी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। 
बताया जाता है कि स्कूल से करीब छह छात्रों को लेकर बस घर लौट रही थी। इसी दौरान एनएच-27 पर सीता पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हो गया। मोड़ पर टर्न लेते समय बस का गेट खुला हुआ था। टूटे गेट होने के कारण एक छात्र बस से बाहर गिर गया। गिरते ही सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें बाइक से उनके घर तक पहुंचाया। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की। बार-बार फोन करने के बावजूद स्कूल की ओर से कोई जवाब नहीं आया। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
इधर घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई जिसके बाद सदर थाना दरभंगा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने मामले को लेकर कहा "घटना एनएच पर हुई है। प्राथमिक जानकारी में स्कूल बस से बच्चे के गिरने की बात सामने आई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news darbhanga news darbhanga khabar darbhanga update road accident news