द फॉलोअप डेस्क
मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना एकमा चौक के पास स्थित वैशाली नहर की है, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे पानी में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि रात के अंधेरे में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी और कार सवार दोनों युवक रात भर नहर के गहरे पानी में फंसे रह गए, जिससे उनकी जान चली गई।
शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय लोग एकमा चौक से गुजरे, तो उन्होंने नहर के पानी में कार का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ देखा। नहर में कार डूबी होने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी देवरिया थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी बिजली विभाग के जेई सनी कुमार और विभागीय कर्मी अफजल कुमार के रूप में हुई है। दोनों अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है।.jpg)
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद एक विशाल क्रेन की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। जैसे ही कार का दरवाजा खोला गया, अंदर दो युवक अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।.jpeg)
देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किस समय हुआ और क्या वाहन की गति बहुत अधिक थी। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।